कोरोना की वजह से महाराष्ट्र में फिर लौट रहे पाबंदियों के दिन, अब औरंगाबाद में कंप्लीट लॉकडाउन

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर से महाराष्ट्र को बेहाल कर दिया है। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार की वजह से एक बार फिर महाराष्ट्र में प्रतिबंधों यानी पाबंदियों वाले दिन लौटने लगे हैं। नागपुर, अकोला के बाद अब औरंगाबाद में भी कंप्लीट लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। औरंगाबाद में वीकेंड में पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। समाचार एजेंसी एएनआई ने कहा कि औरंगाबाद में शनिवार और रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। स्थानीय प्रशासन ने सख्ती से इस लॉकडाउन का पालन करने का आदेश जारी किया है। बता दें कि महाराष्ट्र में शुक्रवार को 15,817 नए मामले सामने आए। लगातार तीसरे दिन इस साल के अब तक के सबसे अधिक मामले सामने आए।

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की बढ़ती इस रफ्तार को देख प्रशासन एक बार फिर से लॉकडाउन की ओर जाता दिख रहा है। औरंगाबदा से पहले नागपुर और अकोला में पूरी तरह से लॉकडाउन है, वहीं पुणे, परभणी में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि अगर हालात नहीं संभले तो अन्य इलाकों में भी लॉकडाउन लागू किए जा सकते हैं।

सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 22,82,191 हो गए हैं, जबकि बीमारी के कारण 56 नई मौत होने के साथ मरने वालों की संख्या 52,723 तक पहुंच गई। राज्य में पिछली बार पिछले साल दो अक्टूबर को 15,000 से अधिक मामले आए थे, जिसके बाद नए मामलों में गिरावट आई थी। लेकिन पिछले महीने मामलों में तेज उछाल आया।

राज्य में बुधवार और गुरुवार को 13,659 और 14,317 मामले सामने आए। शुक्रवार को अस्पतालों से 11,344 रोगियों को छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में अब तक ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 21,17,744 हो गई। राज्य में 1,10,485 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में पुणे शहर में सबसे अधिक 1,845 नए मामले सामने आए, इसके बाद नागपुर में 1,729 और मुंबई में 1,647 मामले आए।

कहां-कहां लॉकडाउन और कहां नाइट कर्फ्यू
कोविड-19 मामलों से निपटने के प्रयासों के तहत महाराष्ट्र के नागपुर में 15 मार्च से 31 मार्च तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया है, जबकि अकोला में शुक्रवार से सोमवार तक लॉकडाउन है। इसके अलावा, पुणे और परभणी में प्रशासन ने नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है। परभणी में शुक्रवार को शहरी क्षेत्रों और जिले के कस्बों में दो दिन का कर्फ्यू लगाने का फैसला किया। वहीं, ठाणे के करीब 15 से अधिक हॉटस्पॉट में लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। साभार -हिन्दुस्तान

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version