गौतमबुद्ध नगर में होगा यूपी ओलंपिक खेल महोत्सव

ग्रेटर नोएडा। अलीगढ़ के साथ-साथ गौतमबुद्ध नगर में भी उत्तर प्रदेश ओलंपिक खेल महोत्सव का आयोजन होगा। इसी वर्ष 7 से 14 जून के बीच होने वाले खेल महोत्सव के आयोजन की मेजबानी जिला ओलंपिक संघ अलीगढ़ को मिली है। वहां खेल सुविधाएं नहीं होने के कारण पांच प्रतियोगिताओं का आयोजन गौतमबुद्ध नगर जिले में होगा। इनमें अंतरराष्ट्रीय मैराथन भी शामिल है। इसमें 15,000 से अधिक धावक शामिल होंगे। इसे देखने मुख्यमंत्री भी आ सकते हैं।

सोमवार को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला ओलंपिक संघ अलीगढ़ की सचिव और साईं की वरिष्ठ अधिवक्ता गीतांजलि शर्मा ने बताया कि प्रदेश में पहली बार उत्तर प्रदेश ओलंपिक खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में कुल 16 खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें आठ टीम और आठ एकल प्रतिस्पर्धा होंगी। इन खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। पहले जिला स्तर, फिर मंडल और फिर राज्य स्तर पर चयन होगा।

टीम इवेंट में राज्य स्तर की आठ टीमों का चयन होगा। जबकि, एकल प्रतिस्पर्धा के बालक वर्ग में आठ और बालिका वर्ग में राज्य स्तर पर टॉप छह खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। अलीगढ़ में कई खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की सुविधा नहीं है। ऐसी पांच प्रतियोगिताओं का आयोजन गौतमबुद्ध नगर में होगा। उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए राज्यपाल और समापन समारोह के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रण पत्र भेजा गया है।

प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी, मानव संकल्प वेलफेयर सोसाइटी की सदस्य शशि शर्मा, आयोजन टीम की सदस्य सत्या सिंह, संजय शर्मा, जोगेंद्र भारद्वाज, आरती वर्मा, पवन वत्स मौजूद रहे।

मैराथन में शामिल होंगे 26 देशों के 15000 धावक
उपजिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम विश्नोई ने बताया कि प्रेमवती शर्मा अंतरराष्ट्रीय मैराथन में 15,000 धावक शामिल होंगे। जिसमें ब्रिक्स समेत कुल 26 देशों के खिलाड़ी होंगे। धावकों को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। उम्र के अनुसार 12 से 18, 19 से 35, 36 से 50 और 50 वर्ष से ऊपर चार अलग-अलग वर्गों में पंजीकरण कराए जा सकेंगे। हर श्रेणी में महिला और पुरुष के अलग-अलग दौड़ होगी। 5, 10, 21 और 42 किमी की प्रतियोगिता होगी। पंजीकरण करने वालों एक टाइम मशीन दी जाएगी। सीबीएसई और माध्यमिक स्कूल, सरकारी व निजी कार्यालय, विभाग के खिलाड़ी भी इसमें शामिल हो सकते है।
जिले में यूपी ओलंपिक खेल महोत्सव का आयोजन एक बड़ी उपलब्धि है। आयोजन को पूरी तरह से सफल बनाया जाएगा, ताकि जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सके। – पूनम विश्नोई, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी गौतमबुद्ध नगर ।  साभार- अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version