पटियाला – लॉकडाउन का उल्लंघन करने से रोका तो निहंगों ने किया पुलिस पर हमला, 7 गिरफ्तार

पंजाब के पटियाला जिले में रविवार को लोगों के एक समूह ने हमला कर एक पुलिसकर्मी का हाथ काट डाला। वहीं, दो अन्य पुलिस वालों को घायल कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि चार-पांच निहंगों का एक समूह एक वाहन में यात्रा कर रहा था और मंडी बोर्ड के अधिकारियों ने सुबह करीब सवा छह बजे एक सब्जी बाजार के पास उन्हें रुकने के लिए कहा।

पंजाब विशेष मुख्य सचिव के.बी.एस. सिद्धू ने कहा, ‘सात भगोड़े निहंगों को गांव बलबेरा के गुरुद्वारे से गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक पुलिस फायरिंग में घायल हो गया था जिसे अस्पताल ले जाया गया। यह ऑपरेशन आईजी पटियाला जतिंदर सिंह औलख की देख-रेख में हुआ।’

इससे पहले पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिनकर गुप्ता ने कहा, ‘आज सुबह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में निहंगों के एक समूह ने पटियाला की सब्जी मंडी में कुछ पुलिस अधिकारियों और मंडी बोर्ड के एक अधिकारी को घायल कर दिया। हरजीत सिंह जिनका हाथ कट गया है, उन्हें पीजीआई, चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।’

पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा, ‘उनसे (कर्फ्यू) पास दिखाने को कहा गया, लेकिन उन्होंने अपनी गाड़ी से दरवाजे और वहां लगाए गए अवरोधकों पर टक्कर मार दी।’ उन्होंने कहा कि इसके बाद इन लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘तलवार से एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) का हाथ काट डाला गया। पटियाला सदर थाने के प्रभारी की कोहनी में चोट आई है जबकि एक अन्य पुलिस अधिकारी की बांह में भी इस हमले में चोट आई है।’ एएसआई को राजेंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के लिये रेफर कर दिया गया।

एसएसपी ने कहा कि हमले के बाद निहंग मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। यह वारदात तब हुई जब कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर राज्य में पाबंदियां लागू हैं।

गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन (बंद) की अवधि को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है। लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय चंडीगढ़ में पंजाब मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया। विशेष मुख्य सचिव के बी एस सिद्धू ने ट्वीट किया, ‘(मुख्यमंत्री) अमरिंदर सिंह की अगुवाई में मंत्रिमंडल ने पंजाब कर्फ्यू/लॉकडाउन को 30 अप्रैल 2020/एक मई,2020 तक बढ़ाने को मंजूरी दी। आज से 21 दिन का विस्तार।’

किसानों को लॉकडाउन में ढील
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बताया था कि 15 अप्रैल से किसानों को फसलों की कटाई के लिए लॉकडाउन में ढील दी जाएगी और इसमें सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा था कि हमने पहले लॉकडाउन किया और बाद में कर्फ्यू लगाया। फिर लोगों तक जरूरी वस्तुओं को पहुंचाने की व्यवस्था की। हमारे लोग हर मोहल्ले में पहुंचकर जरूरी वस्तुएं मुहैया करा रहे हैं।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version