कोरोना को मिला राष्ट्रीय आपदा का दर्जा, मौत होने के मामले में परिवार को मिलेगा ₹4 लाख मुआवजा

गृह मंत्रालय ने देश में कोरोनावायरस से किसी की मौत होने पर परिवार को चार लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। कोरोना संबंधी राहत कार्यों में शामिल व्यक्तियों को भी मुआवजे के दायरे में रखा गया है। गृह मंत्रालय ने कोरोना वायरस को आपदा का दर्जा देते हुए इसके लिए राज्य आपदा राहत कोष से मदद देने की बात कही है। राज्य सरकारों की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक कोरोनावायरस संक्रमण के 91 मामले सामने आ चुके हैं। 13 राज्यों में संक्रमण फैल चुका है। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश भर के कुल 83 मामलों की ही पुष्टि की है।

महाराष्ट्र और यूपी में दो-दो नए मामलों की पुष्टि हुई। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे के अनुसार प्रदेश में कुल 19 लोग संक्रमित मिले हैं। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पिता और बेटा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी पुष्टि गाजियाबाद जिला प्रशासन ने शनिवार को की। तेलंगाना में अब तक दो मामले सामने आ चुके हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, दोनों मरीजों को राजकीय गांधी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा दो अन्य संदिग्ध मरीज भी निगरानी में हैं। इनकी रिपोर्ट आना बाकी है।

अब तक 10 लोग ठीक हुए, किया गया डिस्चार्ज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना से संक्रमित 10 लोगों को अब तक ठीक हो चुके हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के 5, केरल के तीन, राजस्थान व दिल्ली के एक-एक मरीज शामिल हैं। इन्हें इलाज के बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। संक्रमण रोकने के लिए गोवा में स्कूल-कॉलेजों के साथ पर्यटकों के बीच लोकप्रिय कसीनो, बोट बार और डिस्को क्लब 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, मुंबई और बेंगलुरु में शॉपिंग मॉल और सिनेमाघर बंद हैं। उधर, इन्फोसिस ने बेंगलुरु स्थित अपना सैटेलाइट ऑफिस अगले आदेश तक बंद कर दिया है। कंपनी के कुछ कर्मचारी एक संदिग्ध मरीज के संपर्क में आए थे।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version