यूपी : प्रेमी ने किया मेडिकल कॉलेज की छात्रा का मर्डर, गिरफ्तार

सैफई। उत्तर प्रदेश के सैफई मेडिकल कॉलेज से 26 सितंबर को गायब हुई छात्रा की गला काटकर हत्या की गई थी। सैफई पुलिस ने इस हत्याकांड का रविवार को खुलासा किया। प्रेम संबंधों में छात्रा की हत्या उसके ही प्रेमी ने की थी। घटना की रिपोर्ट छात्रा के पति ने सैफई थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को ओमनी वैन, खून से सने कपड़े सहित गिरफ्तार किया है। हालांकि छात्रा का शव बरामद नहीं किया जा सका है। मृतका के पति खुलासे से संतुष्ट नहीं हैं।

रविवार को इटावा एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने इस हत्याकांड का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि 26 सितंबर को सैफई मेडिकल कॉलेज से नर्सिंग की छात्रा कंचन गायब हो गई थी। कंचन के पति अनुपम ने घटना का मुकदमा सैफई थाने में दर्ज कराया था। अनुपम मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ेपुर का निवासी है। उसकी पत्नी कंचन इटावा की निवासी थी।

पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद सर्विलांस सेल की मदद ली तो पता चला कि कंचन अपने मोबाइल से इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम नगला महाजीत निवासी पीआडी जवान आनंद किशोर से बात करती थी। कंचन आनंद के पिता के स्कूल में पढ़ाती थी तभी उसकी उसकी आनंद से दोस्ती हुई। पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद आनंद किशोर को हिरासत में लिया। पहले तो वह टालमटोल करता रहा लेकिन पुलिस की सख्ती के सामने वह टूट गया और उसने कंचन की हत्या कर शव नहर में फेंकने का खुलासा कर दिया।

बटेश्वर ले जाने के बहाने हॉस्टल से बुलाया

पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके प्रेम संबंध कंचन से हो गए थे। कुछ दिन पहले उसने एक जमीन खरीदी थी। इस जमीन को लेकर उसका विवाद कंचन से हो गया था। कंचन उसे परेशान करने लगी थी इसलिए घटना वाले दिन उसने उसे बटेश्वर घुमाने के लिए हॉस्टल से बुलाया और अपनी मारुति वैन से वह उसे बटेश्वर ले गया। रास्ते में उसने गला काटकर उसकी हत्या कर दी।

शव उसने भितौरा नहर में फेंक दिया। उसके मोबाइल फोन को तोड़कर उसने जगसौरा के निकट नहर के बंबे में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कंचन के खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि मृतका के शव की तलाश की जा रही है। उधर घटना का खुलासा होने के बाद मृतका के परिवारीजन शोक में डूब गए हैं।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version