चीन प्लेन क्रैश में सभी 132 लोगों की मौत, जिनपिंग ने दिया जांच का आदेश

गुआंग्शी। चीन के गुआंग्शी में सोमवार दोपहर बड़ा विमान हादसा हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 132 लोगों की मौत हो गई। चाइना ईस्टर्न पैसेंजर एयरलाइंस का यह विमान गुआंग्शी की पहाड़ियों में क्रैश हो गया था। इस घटना पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गहरा दुख जताया है और मामले की जांच का आदेश दिया है।

चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, फ्लाइट MU 5735 ने दोपहर सवा एक बजे कुनमिंग चांगशुई एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। ये फ्लाइट 3 बजे गुआंगझोऊ तक पहुंचनी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लेन दो मिनट से भी कम समय में 30,000 फीट नीचे गिर गया। 563 किमी/घंटे की रफ्तार से पहाड़ों से टकराकर क्रैश हुआ।

उड़ान भरने के 71 मिनट बाद ये प्लेन हादसे का शिकार हो गया। लैंड करने से 43 मिनट पहले विमान का संपर्क ATC से टूट गया था। यात्रियों को ले जा रहा विमान बोइंग 737 है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि विमान के परखच्चे उड़ गए और बांस के पेड़ों में भीषण आग लग गई। फिलहाल मलबे में लोगों को तलाशा जा रहा है, लेकिन किसी के भी जीवित पाए जाने की संभावना नहीं है।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि वह इस हादसे की खबर से हैरान और दुखी हैं। उन्होंने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच का आदेश दे दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को बचाने की हर संभावना पर काम होना चाहिए और यह भी पता लगाना जरूरी है कि आखिर यह घटना क्यों हुई।

भारत में बढ़ाई गई बोइंग के विमानों की निगरानी
चीन में हुए विमान हादसे के बाद भारत में डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने बोइंग विमानों के बेड़े की निगरानी बढ़ा दी है। अक्टूबग 2018 और मार्च 2019 के बीच दो बोइंग के दो विमान हादसे का शिकार हुए थे। इसमें 346 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद भारत में मार्च 2019 में बोइंग 737 मैक्स विमानों की उड़ान पर बैन लगा दिया गया था। बाद में बोइंग ने विमानों के सॉफ्टवेयर में जरूरी अपडेशन किया। इस पर 27 महीने बाद पिछले साल अगस्त में भारत ने बैन हटा लिया था।

पीएम मोदी ने जताया शोक
भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने चीन में हुए विमान हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में कहा कि चीन के विमान हादसे की खबर सुनकर धक्का लगा और गहरा दुख पहुंचा है। इस पर भारत में चीन के राजदूत सुन वेइडोंग ने धन्यवाद जताते हुए ट्वीट किया कि ​​राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने खोज और बचाव के लिए आदेश दे दिए हैं।

Exit mobile version