1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार आई : मोदी

नई दिल्ली। भाजपा की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाजपा मुख्यालय में स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपके इस प्यार, इस आशीर्वाद के लिए मैं सभी देशवासियों का ऋणी हूं। इस पावन दिन NDA की लगातार तीसरी बार सरकार बननी तय है। हम सभी जनता जनार्धन के बहुत आभारी हैं। देश में भाजपा पर, NDA पर पूर्ण विश्वास जताया है। आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है।
ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। चुनाव के इस जनादेश के कई पहलू हैं, 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार आई है। राज्यों में जहां भी विधानसभा चुनाव हुए वहां NDA को भव्य विजय मिली है। चाहे अरुणाचल प्रदेश हो, ओडिशा हो, आंध्र प्रदेश हो या फिर सिक्किम, इन राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में चंद्र बाबू नायडू के नेतृत्व में NDA ने शानदार प्रदर्शन किया है। बिहार में भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA ने शानदार प्रदर्शन किया है। भाजपा ओडिशा में सरकार बनाने जा रही है और लोकसभा चुनाव में भी ओडिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यह पहली बार होगा जब महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। भाजपा ने केरल में भी एक सीट जीती है, हमारे केरल के कार्यकर्ताओं ने बहुत बलिदान दिए हैं। कई पीढ़ियों से वे संघर्ष करते रहे और पीढ़ियों से जिस पल का इंतज़ार किया वह आज आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं ने इस चुनाव में रिकॉर्ड मतदान कर अभुतपूर्व उत्साह दिखाया और दुनिया भर में भारत को बदनाम करने वाली ताकतों को आईना दिखाया है। मैं जनता-जनार्दन को विजय के इस पावन पर्व पर आदर पूर्वक नमन करता हूं। हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए जितनी इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जीतीं हैं। NDA सरकार की प्रतिबद्धता हमेशा से समाज के हर क्षेत्र और वर्ग के विकास की रही है। बीते 10 वर्षों में हमने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। जिसमें बड़ी संख्या SC, ST, OBC की रही है। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक गरीबी देश के अतीत का हिस्सा न हो जाए।हमारी विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए जितनी इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जीतीं है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनता का जताया आभार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, “आज बहुत ही खुशी का विषय है कि आज मोदी जी को धन्यवाद देने के लिए और विजय उत्सव मनाने के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा देश को, पार्टी को, देश की जनता का फ्रंट से नेतृत्व किया है। मैं उनका अभिनंदन करता हूं। कोई भी गठबंधन भारत के इतिहास में पहली बार लगातार तीसरी बार मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनाने जा रहा है। आज ओडिशा में पहली बार मोदी जी के नेतृत्व में पहली बार भाजपा की सरकार बन रही है,लेकिन कुछ लोग 30-40 सीटें जीत लें तो धूम मचाने लग जाते हैं और वे भूल जाते हैं कि देश किस तरह मोदी जी के साथ खड़ा है।
इटली की प्रधानमंत्री ने मोदी को दी बधाई
-इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नई चुनावी जीत पर बधाई और अच्छे काम के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आपको बता दें कि इटली की प्रधानमंत्री के अलावा नरेंद्र मोदी को और विदेशों से शुभकामनाएं और बधाइयां मिल रही हैं।
Exit mobile version