गाजियाबाद : नाबालिग बच्चियों से पशु कटवा रहा था स्लाटर हाउस संचालक, बच्चे भी शामिल

गाजियाबाद। जिले में चल रहे एक स्लाटर हाउस में नाबालिगों से पशु कटवाए जा रहे थे। इनमें लड़कियां भी शामिल हैं। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने पुलिस के सहयोग से वहां छापामारी करके 57 नाबालिगों को मुक्त कराया है। वहीं स्लाटर हाउस संचालक के खिलाफ लिखापढ़ी की जा रही है।
नाबालिगों में 31 लड़कियां और 26 लड़के शामिल हैं। इन सभी से यहां पर पशु काटने का काम कराया जा रहा था। आयोग के चेयरमैन प्रियंक कानूनगो ने बताया कि मसूरी इलाके में इंटरनेशनल एग्रो फूड नाम से स्लॉटर हाउस है, जिसके मालिक यासीन कुरैशी हैं। इसके बारे में काफी दिनों से सूचनाएं आ रही थीं। पुख्ता इनपुट पर बुधवार को छापामार कार्रवाई की गई। जिन 57 नाबालिगों को रेस्क्यू किया गया है, उनकी उम्र का सत्यापन कराया जा रहा है। प्रियंक कानूनगो ने बताया कि मिशन मुक्ति संस्था ने इस बारे में हमें शिकायत दी थी। जिसके बाद यूपी पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई की गई है। ये पता किया जा रहा है कि बच्चे कहां के रहने वाले हैं।
सभी को परिजनों को सौंपा जाएगा
सभी नाबालिगों का नाम-पता तलाशने के बाद पुलिस उनके परिवार वालों को बुलाएगी और उनकी सुपुर्दगी में इन बच्चों को देगी। वहीं स्लाटर हाउस संचालक पर भी प्रभावी कार्रवाई तय मानी जा रही है। कितने पशुओं के कटान का लाइसेंस है और कितने यहां काटे जा रहे हैं, इसका भी लेखाजोखा लिया गया है।
Exit mobile version