बड़ी बहन ने की थी मासूम बहनों की हत्या, धरी गई

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में मासूम बहनों की हत्या के मामले का पटाक्षेप हो गया है। कातिल कोई और नहीं बल्कि उनकी सगी बड़ी बहन निकली। उसी ने दोनों को फावड़े से काट डाला। वारदात की वजह यह सामने आई कि आरोपी युवती को छोटी बहनों ने प्रेमी के साथ देखा था और इसकी शिकायत मां से कर दी थी। इसका बदला देने के लिए ही उसने वारदात को अंजाम दिया।

सात साल की सुरभि और पांच साल की रोशनी की हत्या पुलिस का शक किसी करीबी पर गया। इस पर पुलिस ने दोनों बहनों के माता-पिता समेत बड़ी बहन से अलग-अलग पूछताछ की। बच्चियों की मां सुशीला ने बताया कि शाम को 4 बजे वह खेत गई थी। 5 बजे पति भी खेत पर आ गए। बड़ी बिटिया भी करीब दो घंटे के बाद उनके पीछे खेत आ गई थी। शाम को 7 बजे लौटे तो घर पर दोनों बच्चियां नहीं दिखीं। दरवाजे भी खुले पड़े थे। इसके बाद जब कमरे के अंदर देखा तो दोनों बच्चियां खून से लथपथ पड़ी थीं। गर्दन पर चोट के निशान थे। किसी ने धारदार हथियार से दोनों को काटा था। ये देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पिता ने भी अपना बयाान दिया। पूछताछ के दौरान माता-पिता के बयान तो एक-दूसरे से मैच कर रहे थे लेकिन अंजली बार-बार अपने बयानों से पलट रही थी। उसने बताया कि वो तुरंत मां के पीछे खेत चली गई थी। जबकि मां ने बताया कि दो घंटे बाद खेत पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने अंजली को उठाया और थाने ले जाकर पूछताछ की तो वह टूट गई।

देखरेख को छोड़ा फिर क्यों खेत पर पहुंची
पुलिस पूछताछ में मां ने बताया कि वो बड़ी बहन अंजली को दोनों छोटी बेटियों की देखरेख के लिए छोड़ गई थी। जबकि थोड़ी देर बाद बड़ी बहन भी खेत आ गई। वह बहनों को छोड़कर खेत क्यों गई? पुलिस ने इस सवाल का जवाब तलाश करना शुरू किया। जांच पड़ताल की तो ब्लड के निशान सिर्फ उसी कमरे में मिले जहां हत्या हुई। इसके अलावा घर में कहीं और खून के निशान नहीं मिले। घर में कोई लूटपाट के साक्ष्य भी नहीं मिले। किसी ने घर से किसी बाहरी को आते जाते भी नहीं देखा। इन तथ्यों के आधार पर हत्या का शक करीबी पर गहराता चला गया।

फिर कबूली बहनों के कत्ल की वजह
अंजली ने दोनों बहनों की हत्या का गुनाह कबूल लिया है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले मां और पिता के खेत जाने के बाद मैंने गांव में रहने वाले अपने ब्वायफ्रेंड को मिलने घर बुलाया था। मेरी दोनों बहनें नीचे खेल रही थीं तो ब्वायफ्रेंड को चुपके से छत पर ले गई थी। लेकिन दोनों बहनें खेलते-खेलते छत पर पहुंच गईं। हम दोनों को एक साथ देख लिया। इसके बाद दोनों बच्चियों ने इसके बारे में मम्मी को बता दिया। जिस पर मां ने मुझे बहुत डांटा था। वो मुझे घर से नहीं निकलने देती थी। परिवार ने ब्वॉयफ्रेंड के मिलने-जुलने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद मैं दोनों बहनों से बदला लेना चाहती थी। रविवार शाम को जब माता-पिता पशुओं के लिए चारा लेने खेत गए तो मौका मिल गया। पहले मैंने दोनों को अलग-अगल कमरे में बंद किया। इसके बाद घर में रखा फावड़ा उठाया और दोनों पर फावड़े से हमला कर दिया। इसके बाद मैंने अपने कपड़े साफ किए। फिर खेत चली गई। एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने बताया कि वारदात शाम को 6 से 7 के बीच हुई थी। फोरेंसिक एविडेंस पुलिस की जांच में शक गहराया तो हत्यारोपी अंजली को हिरासत में लिया गया। उसने वारदात में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कराया है।

ये था घटनाक्रम
बलरई क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में रविवार शाम किसान जयवीर सिंह की बेटी सुरभी और रोशनी की घर के अंदर फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी। वारदात की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कानपुर से फोरेंसिक टीम समेत आईजी कानपुर जोन प्रशांत कुमार भी मौके पर पहुंचे थे।

Exit mobile version