साधु का फोन बजा तो वरुण गांधी ने कसा योगी आदित्यनाथ पर तंज- टोको मत, पता नहीं कब महाराज CM बन जाएं

File Photo

पीलीभीत। भाजपा सांसद वरुण गांधी अकसर अपनी ही पार्टी की आलोचना की वजह से चर्चा में रहते हैं। अब उनका एक और बयान सामने आया है, जिसमें मंच पर एक साधु का फोन बजने पर उनके समर्थक रोकते हैं तो वह कहते हैं कि टोको मत। ना जाने कब साधु महाराज मुख्यमंत्री बन जाएं। समय की गति का कोई पता नहीं है। यदि महाराज मुख्यमंत्री बन गए तो हमारा क्या होगा। उनके इस तंज को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से जोड़कर देखा जा रहा है।

सांसद वरुण गांधी सोमवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर पीलीभीत पहुंचे थे। जहां मंच पर उनके साथ एक साधु भी खड़े थे। वरुण गांधी के संबोधन के दौरान उस साधू का फोन बजने लगा। जिस पर मंच पर खड़े कार्यकर्ता साधु को फोन बंद करने के लिए कहने लगे। ये देखकर वरुण गांधी ने मजाकिया अंदाज में अपने कार्यकर्ताओं को रोक दिया। उन्होंने कहा, भाई इनको मत रोको, पता नहीं कब महाराज जी सीएम बन जाएं। फिर हमारा क्या होगा? उन्होंने आगे कार्यकर्ताओं को समझाते हुए कहा, समय की गति को समझा करो। फिर महाराज को पास बुलाकर बोला। क्यों महाराज जी, लगता है अब समय अच्छा आ रहा है। वरुण गांधी की बात सुनकर मंच पर खड़े लोग हंसने लगे। वहीं संबोधन के दौरान एक महिला वरुण गांधी से शिकायत करने लगी।

जिस पर उन्होंने कहा, अम्मा जैसे मेरी बात खत्म होगी, वैसे ही जो भी लोग यहां आए हैं, उनकी बात सुनी जाएगी। हम अधिकारियों को लाए हैं, आपके लिए ही लाए हैं। बाबा जी को भी साथ लाए हैं, कल को बाबा ऊंचे पद पर पहुंच गए तो हमको भी याद करेंगे।

“हां में हां न मिलाएं, मुझसे भी सवाल करें”
वरुण गांधी ने सभा में आई जनता को पौधरोपण करने का संदेश दिया। उन्होंने जनता से कहा, भेड़चाल में वोट न दें। ऐसा न हो कि कोई आए, भारत माता की जय बोले और आप उसको वोट दे दें। अपना दिमाग लगाएं। कोई आए और नारे बोल दे और आप उसे वोट दे दें, ऐसा न करें। सांसद ने कहा कि अगर वह गलती कर रहे हैं तो हां में हां न मिलाएं, मुझसे भी सवाल करें।

“वरुण ने दो हिंदुस्तान होने की बात कही”
वरुण गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए एक बार फिर देश में दो हिंदुस्तान होने की बात कही। वरुण गांधी ने कहा एक हिंदुस्तान वह है जिसमें रोजगार बढ़ रहा है। लोग बाहर जाकर अपने सपनों को साकार कर रहे हैं। उद्योगपतियों के लिए लोन की व्यवस्था हो रही है। वहीं दूसरा वह है जो आज मेरे सामने बैठा है। आप लोगों का हिंदुस्तान पर कोई अधिकार है या नहीं? वरुण गांधी ने कहा कि जब बहुत बड़ा आदमी लोन लेता है और चुका नहीं पता तो उसे वक्त दिया जाता है। ब्याज भी माफ कर दिया जाता है। जबकि गरीब आदमी जब लोन लेता है और चुका नहीं पता तो उस पर तमाम कार्रवाई की जाती है।

Exit mobile version