देश विरोधी प्रोपेगेंडा, चाइनीज फंडिंग… संसद में उठा न्यूजक्लिक का मामला

File Photo

नई दिल्ली। अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट को लेकर देश में संसद से लेकर सड़क तक हंगामा बरपा है। सोमवार को भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में एक न्यूज पोर्टल Newsclick को मिली 38 करोड़ रुपये की चीनी फंडिंग पर सवाल उठाया। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला।

निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि न्यूज क्लिक वेबसाइट का प्रमुख ‘देशद्रोही टुकड़े-टुकड़े गिरोह का’ एक सदस्य है। झारखंड के गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया, ‘‘जब भारत पर संकट आया… 2005 से लेकर 2014 तक चीन सरकार ने कांग्रेस को पैसा दिया। जिसका एफसीआरए लाइसेंस भारत सरकार ने निरस्त किया।” बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया, ‘‘2008 में जब ओलंपिक (चीन में) हुआ तब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को आमंत्रित किया गया था और 2017 में डोकलाम के समय ये (कांग्रेस नेता) चीनी लोगों के साथ बात कर रहे थे।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की ‘हिंदी चीनी भाई-भाई’ की नीति को बढ़ाना चाहते हैं और देश का विभाजन करना चाहते हैं. दुबे ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस चीन के साथ मिलकर देश को तहस-नहस करना चाहती है।” उन्होंने दोनों पक्षों के सदस्यों के शोर-शराबे के बीच कहा, ‘‘कांग्रेस को चीन से जितना अनुदान मिला है, सरकार को उसकी जांच करानी चाहिए और कांग्रेस को चुनाव लड़ने के लिहाज से अवैध घोषित कर देना चाहिए।”

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आखिर चीन की मदद से ही क्यों इनकी नफरत की दुकान चल रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘चीन, कांग्रेस और न्यूजक्लिक का आपसी संबंध है। राहुल गांधी की नकली मोहब्बत की दुकान में चीनी सामान खुलकर बिक रहा है। चीन के लिए उनका प्यार देखा जा सकता है। ये लोग भारत विरोधी अजेंडा चलाते हैं।’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आखिर लेफ्ट की विचारधारा वाले न्यूजपोर्टल को इतनी बड़ी रकम कैसी दी गई। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक टेक मुगल नेविल रॉय सिंघम के जरिए यह चीनी प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए किया गया। इसके तहत NewsClick को 38 करोड़ रुपये की फंडिंग दी गई। अखबार के इस खुलासे के बाद भारत में एक बार फिर से बहस तेज हो गई है। इससे पहले 2021 में भी यह मामला तब सामने आया था, जब ईडी की जांच में पता चला था कि NewsClick को विदेश से 38 करोड़ रुपये की रकम प्राप्त हुई है। इस मनी ट्रेल का सिरा नेविल सिंघम पर जाकर खत्म हुआ था।

2021 में न्यूज क्लिक के संस्थापक के आवास पर हुई थी ईडी की छापेमारी
9 फरवरी 2021 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने न्यूज क्लिक के संस्थापक और प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ के आवास पर छापेमारी की थी। ईडी के सूत्रों ने खुलासा किया कि न्यूज क्लिक को एक अमेरिकी कंपनी से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के माध्यम से 10 करोड़ रुपए मिले थे। 2021 में न्यूज क्लिक पर ईडी के छापे से पता चला कि पोर्टल को तीन साल की अवधि में चीन से 38 करोड़ रुपए मिले।

Exit mobile version