एमपी के बाद यूपी में पेशाब कांड, आगरा में दबंग ने युवक के चेहरे पर किया पेशाब

आगरा। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के बाद अब आगरा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना हुई है। दबंगों ने एक युवक को पीटकर लहूलुहान किया। इसके बाद एक ने उसके मुंह पर पेशाब किया। इसका वीडियो भी बनाया। वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई।

घटना थाना सिकंदरा की है। फतेहपुर सीकरी के रहने वाले विक्की और कागरोल के रहने वाले आदित्य के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। जिसके चलते आदित्य ने अपने साथियों के साथ विक्की को घेर लिया। उसकी बेरहमी से पिटाई लगाई और उसके बाद मुंह पर पेशाब कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हो गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीसीपी सिटी आरोपियों की धड़पकड़ के लिए टीमें लगा दीं।

तीन वीडियो हुए वायरल
वीडियो-1 : वीडियो 3 जनवरी का है। यह किरावली का है। 25 सेकंड के वीडियो में दो युवक बाइक पर बैठे नजर आ रहे हैं। पीछे बैठा आदित्य बाइक से उतरता है। आगे वाला वीडियो बना रहा है। आसपास काफी लोग खड़े हैं। रास्ते से लोग गुजर भी रहे हैं। आदित्य फायर करता है। जनवरी में पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर केस दर्ज किया था। आरोपी आदित्य को जेल भेजा था।

वीडियो-2 : वीडियो 30 सेकंड का है। लहूलुहान युवक जमीन पर पड़ा है। तीन युवक खड़े हैं। एक युवक वीडियो बना रहा है। तीन युवक में से एक पेशाब कर रहा है। सभी गालीगलौज भी कर रहे हैं।

वीडियो-3 : नौ सेकंड के वीडियो में दो युवक नजर आ रहे हैं। तीसरा वीडियो बना रहा है। इसमें आदित्य नजर आ रहा है। दूसरा युवक नंगे पैर है। आदित्य उससे पैर छुवाता है। जान से मारने की धमकी देता है। वीडियो सिंकदरा-बोदला रोड स्थित फ्लाईओवर का बताया गया है। एक महीने पहले बनाया गया था। युवक ने कोई शिकायत नहीं की।

एक गैंग के सदस्य हैं आरोपी और पीड़ित
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि आरोपी आदित्य को उसके साथी पाली सदर निवासी भोला उर्फ भोलू के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी और पीड़ित बदमाश हैं। तीनों एक ही गैंग के सदस्य हैं। मुख्य आरोपी आदित्य फतेहपुर सीकरी के उंदेरा निवासी हिस्ट्रीशीटर का साथी है। हिस्ट्रीशीटर पर 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। खेरागढ़ में उसने डकैती और चोरी की वारदात की थी। पीड़ित शख्स उंदेरा का विक्रम उर्फ विक्की है। उसने शिकायत नहीं की है। इस पर पुलिस ने अपनी ओर से हत्या के प्रयास सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया। विक्की के खिलाफ भी चोरी और लूट के 6 मामले दर्ज हैं। उससे रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उससे मारपीट की गई थी।

Exit mobile version