2024 में यूपी की इस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं अभिषेक, पिता अमिताभ बच्चन यहीं से बने थे सांसद

प्रयागराज। लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी की प्रयागराज संसदीय सीट सुर्खियों में रह सकती है। क्योंकि समाजवादी पार्टी इस सीट से सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के बेटे और अभिनेता अभिषेक बच्चन को लड़ाने की तैयारी कर रही है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा इस संबंध में स्थानीय पदाधिकारियों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। चर्चा है कि इस संबंध में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जल्द ही मुंबई जाकर अमिताभ बच्चन और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन से मुलाकात कर सकते हैं। अभिषेक बच्चन को प्रत्याशी बनाए जाने के सवाल में यमुनापार अध्यक्ष पप्पू लाल निषाद ने कहा कि यह सिर्फ चर्चा ही है। कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। वहीं महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने कह कि अभी लोकसभा चुनाव में वक्त है। प्रत्याशी किसे बनाया जाएगा यह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही तय होगा।

बता दें कि इलाहाबाद संसदीय सीट से कांग्रेस के टिकट पर अमिताभ बच्चन ने 1984 में लोकसभा का चुनाव जीता था। तब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं तब के दिग्गज नेता हेमवती नंदन बहुगुणा को शिकस्त देकर हर किसी को चौंका दिया था। उक्त चुनाव में अमिताभ को 68 फीसदी वोट मिले, जबकि बहुगुणा के खाते में 25 फीसदी वोट आए। हालांकि बोफोर्स घोटाले में अमिताभ का नाम आने के बाद उन्होंने अपनी सीट छोड़ दी और राजनीति से संन्यास ले लिया।

अगर अभिषेक बच्चन चुनाव लड़ते हैं तो चुनाव काफी दिलचस्प हो जाएगा। भाजपा वर्तमान सांसद डाॅ. रीता बहुगुणा जोशी को टिकट देती है तो 1984 वाला ही सीन प्रयागराज में बन जाएगा। दरअसल तब डाॅ.रीता बहुगुणा जोशी के पिता हेमवती नंदन बहुगुणा ने लोकदल से एवं कांग्रेस से महानायक अमिताभ बच्चन ने चुनाव लड़ा था। इस बार अगर रीता और अभिषेक चुनाव मैदान में सामने आए तो मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा।

Exit mobile version