6 महीने बाद 24 घंटे में 4 हजार से ज्यादा कोरोना केस, 15 की मौत

नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते आंकड़े चिंता का कारण बन गए हैं। बुधवार को 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 4,435 नए केस दर्ज किए गए जबकि 15 लोगों की मौत हुई। इससे पहले 28 सितंबर को 4271 मामले सामने आए थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 2508 मरीज ठीक हुए हैं। इस समय डेली पॉजिटिव रेट 3.38 है। देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 23091 हो गई है। बढ़ते कोरोना मरीजों के बीच सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है।

एक दिन पहले पंजाब में दो, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में एक-एक मरीज की कोरोना से मौत हो गई थी अब तक कोरोना से 5,30,901 लोगों की जान जा चुकी है। केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद राज्यों ने अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य जगहों पर भी कर्मचारियों का मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। महाराष्ट्र और हरियाणा में स्वास्थ्य कर्मियों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनना होगा। इसके अलावा ऐसी जगहों पर जहां 100 से ज्यादा लोग जा हों, वहां सबको मास्क लगाना अनिवार्य है। इन राज्यों ने सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करने का भी निर्देश दिया है।

पंजाब में भी कोरोना का असर दिख रहा है। पंजाब में 24 घंटे में 38 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा केरल, दिल्ली , कर्नाटक में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। गुजरात में डबलिंग रेट एक सप्ताह से भी कम हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि भर्ती होने वाले मरीजों का आंकड़ा अब भी कम है।

Exit mobile version