मानहानि मामले में राहुल गांधी को मिली जमानत, अब 13 अप्रैल को होगी सुनवाई

File Photo

सूरत। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘मोदी सरनेम’ टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के खिलाफ अदालत में अपील करने के लिए सोमवार को सूरत पहुंचे। सूरत कोर्ट ने राहुल को 13 अप्रैल तक जमानत दे दी। वहीं, उनकी सजा के खिलाफ सुनवाई के लिए तीन मई की तारीख दे दी।

मोदी सरनेम टिप्पणी पर मानहानि मामले में सजा सुनाए जाने के 11 दिन बाद आज सोमवार को राहुल गांधी सूरत सेशन कोर्ट में अपील करने पहुंचे थे। फिलहाल राहुल गांधी सूरत कोर्ट से निकल गए हैं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ‘राहुल गांधी ज़िंदाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। राहुल के साथ प्रियंका गांधी भी सूरत पहुंची हैं। इसके अलावा राहुल के पक्ष में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल समेत अन्य कांग्रेस नेता भी सूरत में मौजूद हैं।

हिरासत में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में भरूच से सूरत जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका और हिरासत में ले लिया। सूरत की सेशन कोर्ट के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ था। कांग्रेस कार्यकर्ता ने राहुल गांधी के समर्थन में हाथों में पोस्टर लिए हुए थे।

अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम कोर्ट के निर्णय पर बहस नहीं करेंगे, लेकिन अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे। यह गुजरात में शक्ति प्रदर्शन नहीं है। वह हमारे नेता हैं और अपने नेता के साथ खड़े होने के लिए छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जा रहे हैं।

बीजेपी का हमला जारी
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार नहीं, बल्कि कई बार पिछड़ों का अपमान करने का काम किया है। दुख इस बात का है कि कांग्रेस ने माफी मांगना तो दूर, दबाव बनाने और डराने का काम कर रही है। जब तीन वर्ष थे तब तो इनके साथ कोई नहीं गया। अब राज्य के मुख्यमंत्रियों को कामकाज छुड़ाकर, इस काम पर लगाया है।

बता दें वायनाड के पूर्व सांसद को कर्नाटक में 2019 में उनकी ‘मोदी उपनाम’ टिप्पणी पर मानहानि के एक मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एच एच वर्मा की अदालत ने 23 मार्च को दोषी ठहराया और दो साल की सजा सुनाई थी। गांधी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने यह कहने के लिए मानहानि का मुकदमा दायर किया था कि “सभी चोरों का एक ही उपनाम मोदी कैसे होता है?”

Exit mobile version