माता-पिता की मौत के सदमे में विदेशी युवक का हंगामा, दूसरी मंज़िल से कूदा

निहाल विहार। राजधानी दिल्ली के निहाल विहार इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक नाईजीरियन युवक हंगामा करता दिख रहा है। युवक इमारत की दूसरी मंजिल से लटककर चिल्लाते हुए कुछ कहता है और फिर छलांग लगा देता है। इस घटना में युवक के पैर की हड्डी टूट गई है। वह लोगों से मदद मांगता रहा, लेकिन उसकी भाषा से अनजान लोग उसे नशेड़ी समझने लगे और पाइप से उसकी पिटाई भी कर दी। इस पूरे घटनाक्रम के कई वीडियो सामने आए हैं।

इस मामले में पुलिस ने रविवार तड़के बयान जारी कर बताया कि विदेशी युवक डिप्रेशन में है। उसके माता पिता की रोड एक्सीडेंट में मौत की सूचना मिली थी। यह सदमा वह बर्दाश्त न कर सका। पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को युवक ने आपबीती बताई। साथ ही अपनी हरकत के लिए लोगों से माफी भी मांगी। पुलिस ने युवक का इलाज करवाकर उसे छोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि नाइजीरियन युवक वैध पेपर्स के साथ यहां रह रहा है।

पुलिस अफसर के मुताबिक, विदेशी युवक का नाम नीनजुओ(37) है। उसने बताया कि वह मूलरूप से नाइजीरिया का रहने वाला है। यहां विकास विहार में रहता है और इलाके में दुकान भी चलाता है। यह घटना 18 मार्च को निहाल विहार इलाके की है। पुलिस को सूचना मिली कि एक नाइजीरियन युवक ने हंगामा करने के बाद इमारत की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी है और लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने विदेशी नागरिक को घायल अवस्था में देखा, जो राहगीरों से मदद मांग रहा था। पुलिस युवक को लेकर संजय गांधी अस्पताल पहुंची।

पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि 18 मार्च को नाइजीरिया में उसके माता-पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद वह सदमे में चला गया। वह काफी परेशान हो गया। पुलिस ने पड़ोसियों का भी बयान दर्ज किया। जिन्होंने घायल नाइजीरियन युवक के बयान की पुष्टि की। पुलिस ने युवक का बयान दर्ज कर बिना किसी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया।

Exit mobile version