मर्डर के आरोपी भाजपा नेता पर गिरी गाज, आलीशान होटल को 60 डायनामाइट से उड़ाया गया

सागर। मध्य प्रदेश के सागर में हत्या के आरोपी भाजपा नेता पर बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला प्रशासन ने अवैध रुप से बनाई गई चार मंजिला होटल को डायनामाइट लगाकर चंद सेकंड में जमींदोज कर दिया। आरोपी मिश्रीचंद गुप्ता पर एक चुनावी रंजिश में एक युवक को कार से कुचलकर हत्या करने का आरोप है।

जिलाधिकारी दीपक आर्य ने कहा, “सुरक्षा की दृष्टि से चौराहे के चारों ओर बैरिकेड्स लगाकर यातायात को रोक दिया गया था। होटल के आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क कर दिया गया था। किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। केवल इमारत को गिराया गया है।” आरोपी नेता की चार मंजिला होटल में 60 डाइनामाइट लगाए गए। फिर ब्लास्ट कर इसे चंद सेकेंड में ढहा दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेड लगाकर ट्रैफिक को रोक दिया गया। होटल के आसपास रहने वाले लोगों का घर खाली करवाया गया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।

निर्दलीय पार्षद के भतीजे को जीप से कुचला
2 दिसंबर की रात मकरोनिया चौराहे जगदीश यादव उर्फ जग्गू की जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। जगदीश (30) मकरोनिया थाना क्षेत्र के कोरेगांव का रहने वाला था। वह मकरोनिया चौराहे पर पवन यादव की डेयरी पर काम करता था। वह निर्दलीय पार्षद किरण यादव का भतीजा था। किरण यादव ने मिश्रीचंद गुप्ता की पत्नी मीना को पार्षद चुनाव में 83 वोट से हराया था।

गिरफ्तारी के लिए लगाए आरोपियों के पोस्टर
इस हत्या आरोप भाजपा नेता मिश्री चंद गुप्ता और उनके परिवार के सदस्यों पर लगाया गया था। मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इनमें से 5 आरोपी वकीलचंद गुप्ता, लवी गुप्ता, लकी गुप्ता, हनी गुप्ता और आशीष मालवीय गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं, भाजपा से निष्कासित आरोपी मिश्रीचंद गुप्ता, जितेन्द्र गुप्ता और धर्मेंद्र गुप्ता फरार हैं। हत्या की इस वारदात में नाम आने के बाद आरोपी भाजपा नेता मिश्रीचंद गुप्ता को पार्टी ने निष्कासित कर दिया था।

Exit mobile version