मुंबई में लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान कोरियन महिला से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक कोरियन महिला के साथ 2 युवकों द्वारा छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। घटना के वक्त महिला लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कोरियन महिला यूट्यूबर के साथ छेड़छाड़ की यह घटना 29 नवंबर के शाम की है। घटना के समय वह मुंबई के खार इलाके में लाइवस्ट्रीमिंग कर रही थी। वीडियो में नजर आ रहा है कि एक युवक दक्षिण कोरिया की रहने वाली इस महिला के काफी करीब आता है और उसके विरोध के बावजूद उसका हाथ खींचता है। वह बार-बार महिला को अपनी स्कूटी पर बैठने के लिए कहता है। इसी बीच वह महिला के काफी करीब आकर उसे चूमने की भी कोशिश करता है, जिसके बाद महिला वहां से जाने लगती है। वीडियो में महिला यह कहती हुई नजर आती है कि ‘अब मुझे घर जाना पड़ेगा।’

कोरियाई यूट्यूबर ने वीडियो को रिट्वीट करते हुए घटना के बारे में बताया। उसने ट्वीट कर लिखा कि कल रात सड़क पर एक युवक ने मुझे परेशान किया। मैंने पूरी कोशिश की कि स्थिति को न बढ़ाऊं और वहां से निकल जाऊं, क्योंकि वह अपने दोस्त के साथ था। उसने आगे लिखा कि कुछ लोगों ने कहा कि यह मेरे बहुत दोस्ताना होने और बातचीत करने के कारण ये सब शुरू हुआ था। जो मुझे स्ट्रीमिंग के बारे में फिर से सोचने पर मजबूर करता है।

वहीं, मुंबई पुलिस ने घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की है। मुंबई पुलिस ने बताया कि सड़क पर एक लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान एक कोरियाई महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके नाम मोबीन चंद मोहम्मद शेख और मोहम्मद नकीब अंसारी है। मुंबई पुलिस ने धारा 354 के तहत एफआईआर दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version