ऑस्ट्रेलियाई महिला की हत्या का आरोपी राजविंदर सिंह गिरफ्तार, 5.5 करोड़ रुपये का था इनाम

दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड में एक ऑस्ट्रेलियाई महिला की हत्या में मोस्ट वॉन्टेड आरोपी राजविंदर सिंह को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। राजविंदर सिंह बीते चार साल से फरार था। क्वींसलैंड पुलिस ने राजविंदर सिंह की गिरफ्तारी पर 10 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर का इनाम रखा था।

मूलरूप से पंजाब निवासी 38 वर्षीय राजविंदर सिंह पर 2018 में 24 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई युवती तोया कार्डिंग्ले की हत्या का आरोप है। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने मार्च 2021 में भारत से राजविंदर सिंह को प्रत्यर्पित करने का अनुरोध किया था। भारत सरकार ने इस साल नवंबर में आस्ट्रेलियाई सरकार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए दिल्ली पुलिस को राजविंदर सिंह को खोजने की जिम्मेदारी सौंपी थी।

ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने 04/11/2022 को ट्विटर के माध्यम से ऑस्ट्रेलियाई महिला की जघन्य हत्या करने वाले राजविंदर सिंह की गिरफ्तारी पर क्वींसलैंड पुलिस की ओर से 10 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 5.5 करोड़ रुपये) के इनाम की घोषणा की थी, जो अब तक का सबसे बड़ा इनाम था।

ऑस्ट्रेलियाई लड़की तोया कॉर्डिंग्ले की हत्या करने के दो दिन बाद राजविंदर सिंह भारत भाग आया था। उसने पत्नी और तीन बच्चों को ऑस्ट्रेलिया में ही छोड़ दिया था। आरोपी दिल्ली में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। स्पेशल सेल की ओर से बताया गया है कि शुक्रवार 25 नवंबर 2022 को सुबह 06:00 बजे सीबीआई/इंटरपोल और ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा साझा किए गए इनपुट के आधार पर एक खुफिया ऑपरेशन में आरोपी को करनाल जीटी रोड के पास से पकड़ा गया। स्पेशल सेल द्वारा सीआरपीसी की धारा 41(1) के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी को आगे की कार्यवाही के लिए कानून के अनुसार संबंधित अदालत में पेश किया जा रहा है।

Exit mobile version