भारत जोड़ो यात्रा में टी-ब्रेक के दौरान हुई धक्का-मुक्की, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह गिरे

इंदौर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में आज चौथा दिन है। राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही यात्रा आज ओमकारेश्वर से इंदौर की ओर चल रही है। आज यात्रा में हुए टी-ब्रेक के दौरान धक्का-मुक्की हो गई। इसमें सीनियर नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गिर गए। वहां मौजूद समर्थकों ने उन्हें सहारा देकर उठाया।

यात्रा के दौरान बड़वाह से करीब 4 किलोमीटर आगे बढ़ने पर राहुल गांधी चोर बावड़ी के पास बने एक होटल पर अचानक चाय ब्रेक के लिए रुक गए। इसी दौरान वहां धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें दिग्विजय सिंह गिर गए। उनके ऊपर कुछ कार्यकर्ता भी गिर गए। अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें उठाया। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने नाराजगी जताई। हालांकि उन्हें इस दौरान कोई गंभीर चोट नहीं आई और बाद में वह राहुल गांधी के साथ चलते हुए नजर आए। अब यात्रा ओमकारेश्वर से इंदौर की ओर बढ़ रही है।

आज इस यात्रा में प्रियंका गांधी मौजूद नहीं हैं। प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा इंदौर होते हुए दिल्ली रवाना हो गए। कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व सीएम कमलनाथ ने बताया कि अब प्रियंका गांधी दिल्ली वापस लौट गईं हैं। वह राजस्थान में यात्रा में शामिल होंगी।

मालवी साफे से राहुल का स्वागत
शनिवार शाम ड्रीमलैंड चौराहा पर राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे। सभा की व्यवस्था देख रहे पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार ने बताया सभा के लिए विशेष मंच तैयार किया गया है। यह मंच लगभग 24 बाय 55 फीट का है। इसकी ऊंचाई 8 फीट है। इस मंच पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पूर्व सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह समेत देश व प्रदेश स्तर के लगभग 40 वीआईपी नेता मौजूद रहेंगे। मंच पर अतिथियों का स्वागत मालवा की संस्कृति अनुरूप विशेष साफा पहनाकर किया जाएगा। सभा में मुख्य फोकस महिलाओं की संख्या अधिक रहे, इस पर किया गया है।

Exit mobile version