कनपटी पर पिस्टल रखकर ले रहा था सेल्फी, दब गया ट्रिगर, पुलिस ने दर्ज किया केस

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में एक शराबी युवक को सेल्फी लेना भारी पड़ गया। युवक कनपटी पर पिस्टल रखकर सेल्फी ले रहा था, इतने में पिस्टल का ट्रिगर दब गया और गोली आंख के नीचे धंस गई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है।

जबलपुर के प्रेमनगर इलाके में रहने वाला रॉबिन जान उर्फ रॉबिन्सन इस घटना का शिकार हुआ। गढ़ा पुलिस के मुताबिक यह घटना 26 अक्टूबर को हुई थी। रॉबिन कही से घर पहुंचा तो बैठे-बैठे पिस्टल का खिलवाड़ करने लगा। उसके दिमाग में अलग ही तरह का फितूर सवार हुआ। लोडेड पिस्टल कनपटी पर रखकर सेल्फी लेने लगा। इस दौरान अंगुली पिस्टल की ट्रिगर पर ही थी। मोबाइल के सेल्फी कैमरे का बटन और पिस्टल का ट्रिगर दोनों एक साथ दब गए।

रॉबिन के इस सेल्फीकांड में पिस्टल से जब गोली चली तो उसकी आंख के नीचे लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपड़ोस और घर के लोग घबरा गए। बुरी तरह घायल अवस्था में रॉबिन को फ़ौरन इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आंख जैसी नाजुक जगह के पास लगी गोली को देखकर डॉक्टर भी हैरान हुए। ये तो गनीमत थी गोली सीधे सिर या आंख में नहीं लगी। नहीं तो स्थिति और दूसरी बन सकती थी।

वहीं रॉबिन के घर वाले इस घटना को छिपाने की कोशिश कर रहे थे। पड़ोसियों और अस्पताल की सूचना पर मामले का पता चला। बताया गया कि रॉबिन शराब पीने का आदी है। रोजाना नशे में धुत होकर घर लौटता है और तरह-तरह की हरकते भी करता है। सेल्फी लेते वक्त जिस पिस्टल से घटना हुई, वह भी अवैध थी। पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया हैं। रॉबिन हॉस्पिटल से डिस्चार्ज तो गया है, लेकिन उसके पूरी तरह से ठीक होने का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करेगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 336, 338 एव 25 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवक शराब पीने का आदी है और नशे में सेल्फी ले रहा था।

Exit mobile version