मुलायम सिंह यादव की हालत फिर बिगड़ी, हालत नाजुक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत रविवार को खराब हो गई। इसके बाद उन्हें आइसीयू में शिफ्ट किया गया। पीएम मोदी, सीएम योगी ने अखिलेश यादव को फोन कर मुलायम सिंह का हालचाल जाना।

मुलायम सिंह बीते अगस्त महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं और उनका यहां लंबे समय से इलाज चल रहा है। शनिवार रात को उनकी तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें जनरल वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद अखिलेश यादव, पत्नी डिंपल और बेटे अर्जुन के साथ मेदांता अस्पताल पहुंचे। शिवपाल सिंह यादव भी वहां अस्पताल में मौजूद थे। मुलायम सिंह के गृह जिले इटावा के सैफई गांव से उनके करीबी और पूरा परिवार दिल्ली पहुंच गया।

इस बीच रविवार शाम मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अखिलेश यादव को फोन कर मुलायम सिंह यादव की सेहत का हाल जाना। उन्‍होंने मेदांता के डॉक्‍टरों से भी सपा संरक्षक की सेहत के बारे में बात की और उन्‍हें अच्‍छे से अच्‍छा इलाज मुहैया कराने को कहा।

करीब 3 घंटे तक अस्पताल में रहने के बाद देर रात अखिलेश यादव पत्नी डिंपल के साथ अस्पताल से बाहर निकले। शिवपाल यादव ने कहा कि मुलायम सिंह के लिए अगले 24 घंटे अहम हैं। मेदांता अस्पताल के PRO ने बताया कि मुलायम सिंह यादव को यूरिन में इन्फेक्शन के साथ ही ब्लड प्रेशर की समस्या काफी बढ़ गई थी। उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखाई दिया, तो डॉक्टरों ने वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है।

Exit mobile version