गाजियाबाद: फ्लाईओवर पर उल्टा दौड़ा ट्रक, दो ऑटो और बाइक को रौंदा, दो की मौत

गाजियाबाद। नया बस अड्डा के पास महामाया स्टेडियम के सामने बने फ्लाईओवर पर शुक्रवार रात साढ़े 12 बजे भीषण हादसा हुआ। सीमेंट से भरा ओवरलोड ट्रक फ्लाईओवर पर नहीं चढ़ पाया और पीछे की तरफ दौड़ गया। पीछे चल रहे दो ऑटो और बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में ऑटो सवार दो युवकों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। छह लोगों की हालत गंभीर है, उन्हें रेफर किया गया है।

शुक्रवार रात ट्रक फ्लाईओवर पर तेजी से चल रहा था। उसके पीछे ही कई वाहन चल रहे थे। ट्रक ओवरलोड था इसलिए फ्लाईओवर पर नहीं चढ़ पाया। ट्रक ढलान पर था तो पीछे लौटते वक्त उसकी रफ्तार बढ़ गई। पीछे चल रहे वाहन इसकी चपेट में आते गए। पहले ट्रक ने ऑटो रौंद दिया। इसके बाद ऑटो के पीछे आ रही बाइक और फिर एक अन्य ऑटो को रौंदते हुए ट्रक फ्लाईओवर की दीवार पर जाकर रुका।

इस हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए ऑटो को मशीन से कटवाना पड़ा। तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। बाकी 8 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

छह घायल दिल्ली रेफर किए
इस हादसे में ऑटो ड्राइवर सुनील (32 साल) निवासी छपरौला (बादलपुर) ग्रेटर नोएडा और विशाल यादव निवासी अर्थला गाजियाबाद की मौत हुई है। जबकि योगेश गिरी, गिरीश, दीपचंद, इसरारख् समीर, जगमोहन सिंह, योगेंद्र घायल हुए हैं। योगेश और गिरीश को छोड़कर बाकी अन्य घायलों को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है।

Exit mobile version