भारत में कोरोना टीकाकरण का दोहरा शतक, यूनिसेफ ने दी बधाई

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग के बीच अब तक कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत वैक्सीन की 200 करोड़ से अधिक डोज लगाई जा चुकी है। भारत ने यह बड़ी उपलब्धि महज 548 दिनों में हासिल की है। ‌इस अवसर पर यूनिसेफ ने भारत को बधाई दी।

यूनिसेफ ने कहा, ‘यूनिसेफ भारत को कोविड-19 टीकाकरण की 2 करोड़ खुराक देने के उल्लेखनीय मील के पत्थर तक पहुंचने पर बधाई देता है। देश के नेतृत्व से प्रेरित होकर, स्वास्थ्य सेवा और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं सहित कई अभिनेताओं के अथक प्रयासों ने इस जबरदस्त उपलब्धि को संभव बनाया है।’

यूनिसेफ ने कहा- ‘भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में 18 महीनों में टीकों की दो करोड़ खुराकें पूरी करना, एक अभूतपूर्व उपलब्धि है और भारत के स्वास्थ्य कर्मियों के धैर्य और समर्पण का प्रमाण है, जिन्होंने बार-बार महामारी की लहरों, खराब मौसम, कठिन इलाके और दुर्गम क्षेत्रों की चुनौतियों के बावजूद देश के सभी हिस्सों में टीकाकरण कवरेज को बढ़ावा देने के लिए अथक प्रयास किया है।

बता दें कि वैक्सीनेशन के मामले में चीन के बाद भारत दूसरे स्थान पर है। इसके साथ ही भारत कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सबसे सुरक्षित देशों की लिस्ट में शामिल हो गया है। देश में जनवरी 2021 में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। 18 महीनों में भारत ने 200 करोड़ वैक्सीन लगाकर इतिहास रच दिया।

केंद्र सरकार ने 15 जुलाई से ही 18 से 59 वर्ष आयुवर्ग के लोगों को सरकारी केंद्रों पर मुफ्त सतर्कता डोज लगाने का विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन करीब 15 लाख डोज लगाई गई। इनमें से ज्यादातर लोगों को 75 दिन के विशेष अभियान ‘कोरोना टीकाकरण अमृत महोत्सव’ के तहत डोज दी गई है।

मंत्रालय ने बताया कि 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को अब तक कुल 1.06 करोड़ सतर्कता डोज लगाई गई है। 60 वर्ष की आयु से अधिक के लोगों को टीके की 2.81 करोड़ डोज दी जा चुकी है। 12 से 14 वर्ष के 3.79 करोड़ बच्चों को पहली डोज दी जा चुकी है जबकि 15 से 18 आयु वर्ग के 6.08 करोड़ से अधिक किशोरों को पहली डोज लगाई जा चुकी है।

Exit mobile version