नेशनल पैंथर्स पार्टी के सुप्रीमो प्रोफेसर भीम सिंह का निधन

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के संस्थापक और सीनियर लीडर भीम सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह जम्मू में अंतिम सांस ली। वह 80 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के सुप्रीमो प्रोफेसर भीम सिंह ने मंगलवार की सुबह जम्मू के बख्शी नगर अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें सुबह 8:45 पर अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। बीते कई महीनों से नेशनल पैंथर्स पार्टी के नेता बीमार चल रहे थे।

उनके निधन से उनके समर्थकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक हस्तियों ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। भाजपा के नेता देवेंदर सिंह राणा ने ने ट्विटर पर लिखा, ‘प्रोफेसर भीम सिंह जी के निधन से हमने एक बड़े नेता को खो दिया है, जिसने हमेशा जम्मू-कश्मीर के हर वर्ग के लोगों की आवाज उठाई थी। वह एक फायरब्रांड नेता थे, जो रामनगर एक सुदूर गांव से आते थे और उन्होंने दुनिया भर में अपनी पहचान कामय की।’

भीम सिंह जम्मू-कश्मीर की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा थे। अगस्त, 1941 को रामनगर में भीम सिंह का जन्म हुआ था और उन्होंने 1982 में पैंथर्स पार्टी की स्थापना की थी। वह करीब 30 सालों तक अध्यक्ष के पद पर रहे थे और 2012 में अपने भतीजे हर्ष देव सिंह को कमान सौंप दी थी। प्रदेश सहित जम्मू संभाग की आवाज को बुलंद करने के लिए वे संघर्षरत रहे। हालांकि बीते साल एक बार फिर से वह सक्रिय राजनीति में लौटे थे और उन्हें पैंथर्स पार्टी का अध्यक्ष चुना गया था। खासतौर पर जम्मू क्षेत्र के लोगों की आवाज उठाने के लिए पैंथर्स पार्टी को जाना जाता रहा है। भीम सिंह के परिवार में अब उनकी पत्नी और बेटी हैं।

Exit mobile version