योगी के शपथ ग्रहण से चंद घंटे पहले लखनऊ में एनकाउंटर, मारा गया एक लाख का इनामी बदमाश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण से चंद घंटे पहले राजधानी लखनऊ में एक बदमाश को ढेर कर दिया गया है। लखनऊ कमिश्नरेट की अलीगंज पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर एक लाख के इनामी शातिर लुटेरे राहुल सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया।

अलीगंज इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे रात्रि पुलिस चेकिंग के दौरान बंधा रोड़ हेल्थ हॉस्पिटल के पास बिना नम्बर की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार को रोका गया। पुलिस के रोकने पर बाइक सवार युवक ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में युवक पुलिस की गोली से घायल हुआ। जांच में सामने आया मुठभेड़ में घायल युवक एक लाख का इनामी मोरापुर थाना जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर राहुल सिंह है। उसको भाऊराव देवरस अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां पर उसकी मौत हो गई।

शातिर बदमाश ने दिसंबर 2021 में अलीगंज के तिरुपति ज्वैलर्स में दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया था। साथ ही एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या भी कर दी थी। तभी से पुलिस को इसकी तलाश थी। लूट की घटना को राहलु, सौरभ, हर्ष और रवि नाम के शातिरों ने अंजाम दिया था। हर्ष ने घटना के एक दिन पहले वही ग्राहक बनकर दुकान की रेकी की थी। उसके बाद लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। भागते समय कर्मचारी श्रवण के पकड़ने पर राहुल ने उसको गोली मार दी थी। पुलिस इसके दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

77 सीसीटीवी खंगालने पर राहुल का नाम आया था सामने
पुलिस के मुताबिक तिरुपति ज्वैलर्स में हुई लूट के खुलासे के लिए पुलिस ने घटना स्थल की तरफ आने-जाने वाले 77 सीसीटीवी के फुटेज खंलाले थे। तब राहुल व उसके साथियों की फोटो सामने आई थी। वहीं इनकी बाइक निशातगंज में लावारिस हालत में मिल गई थी। तभी से पुलिस राहुल के गिरोह की धरपकड़ के लिए लगी थी।

Exit mobile version