आजम खां, उनकी पत्नी और बेटे अब्‍दुल्‍ला के हथियारों के लाइसेंस होंगे रद्द

रामपुर। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की वापसी के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री आजम खान के परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। 

रामपुर जिला प्रशासन ने विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा और उनके विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम खान के हथियारों के लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएम ने इसे लेकर नोटिस भी जारी किया है। रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (एसपी) संसार सिंह ने कहा है कि आजम खान और उनकी पत्नी तजीन फातिमा के खिलाफ दर्ज अपराध को देखते हुए उनके शस्त्र का लाइसेंस रद्द करने के लिए हमने एक रिपोर्ट भेजी है। दोनों आरोपियों के नाम पर रिवॉल्वर और राइफल है। आजम खान और उनके परिवार पर करीब 200 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

बता दें कि साल 2017 में उत्तर प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद से आजम खान का परिवार लगातार एक के बाद एक मामलों का सामना कर रहा है। परिवार के खिलाफ 200 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। आजम खान खुद पिछले 2 साल से सीतापुर जेल में कैद हैं। वहीं उनकी पत्नी भी 1 साल से ज्यादा समय से जेल से बाहर आ चुकी हैं। आजम खान के बेटे और विधायक अब्दुल्ला आजम खान भी 18 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा हो गए हैं।

हाल के विधानसभा चुनाव में रामपुर सदर सीट से दसवीं बार विधायक चुने गए आजम खान इस समय जल निगम में भर्ती घोटाला और संपत्ति हड़पने जैसे मामलों में सलाखों के पीछे हैं। कुछ दिन पहले सपा विधायक को भर्ती घोटाला मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। वहीं, दूसरे मामले में भी हाईकोर्ट में बहस पूरी हो चुकी है और इस पर फैसला आना बाकी है।

Exit mobile version