दिल्ली में लालकिले के पास गोलीबारी, तीन घायल

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली में लाल किला इलाके के पास रोड रेज की एक घटना में हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात हई। जब मोटर पार्ट्स की आपूर्ति करने वाले मोहम्मद शाहिद अपनी पत्नी के साथ डिनर के बाद घर लौट रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि शाहिद जब अंगूरी बाग इलाके में अपने घर के करीब पहुंचे, तब विपरीत दिशा से बाइक पर सवार दो लोगों का वाहन दुर्घटनावश उनके दोपहिया वाहन से टकरा गया। इसमें शाहिद के वाहन को थोड़ा नुकसान पहुंचा और दोनों पक्षों में बहस छिड़ गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, शाहिद ने दोनों बाइक सवारों से अपने वाहन की मरम्मत करवाने को कहा। इस दौरान अंगूरी बाग इलाके के कई लोग भी घटनास्थल पर इकट्टा हो गए। अधिकारी ने बताया कि दोनों युवकों में से एक ने अपने भाई को भी फोन कर दिया, जिसके बाद वह अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गया।

अधिकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने शाहिद के वाहन में टक्कर मारने वाले युवकों और उनके साथियों को घेर लिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से भागने के लिए युवकों ने गोली चला दी। अधिकारी के अनुसार, युवकों ने कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली हवा में, जबकि चार स्थानीय लोगों पर दागी गईं। अधिकारी ने बताया कि गोली तीन युवकों को लगी, जिनमें शाहिद का भाई आबिद भी शामिल था। सभी घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Exit mobile version