भाजपा सबसे अमीर पार्टी, 4847 करोड़ की संपत्ति

नई दिल्ली। चुनाव सुधारों की वकालत करने वाले समूह एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी सबसे अमीर पार्टी है। एडीआर ने अपनी यह रिपोर्ट 2019-20 में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों की संपत्ति और देनदारियों के अपने विश्लेषण के आधार पर तैयार की है।

वित्त वर्ष 2019-20 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी संपत्ति 4847 करोड़ रुपये घोषित की थी। यह देश के सभी राजनीतिक दलों में सबसे अधिक है। वहीं, दूसरे स्थान पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) रही जिसने अपनी संपत्ति 698.33 करोड़ रुपये बताई और तीसरे स्थान पर कांग्रेस रही जिसने अपनी संपत्ति 588.16 करोड़ रुपये घोषित की थी। विश्लेषण के अनुसार इस वित्त वर्ष में सात राष्ट्रीय राजनीतिक दलों की ओर से घोषित की गई कुल संपत्ति 6988.57 करोड़ और 44 क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की ओर से घोषित की गई कुल संपत्ति 2129.38 करोड़ रुपये रही। सात राष्ट्रीय दलों की कुल संपत्ति में भाजपा की हिस्सेदारी 69.37 फीसदी, बसपा की 9.99 और कांग्रेस की 8.42 फीसदी रही।

क्षेत्रीय दलों की आती है तो समाजवादी पार्टी ने सबसे अधिक 563.47 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। दूसरे क्षेत्रीय दलों की बात करें तो टीआरएस ने 301.47 करोड़ रुपये की संपत्ति का ब्योरा दिया है। अन्नाद्रमुक की तरफ से 267.61 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई गई है।

एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में सभी पार्टियों की देनदारी का भी पूरा ब्योरा दिया है। बताया गया है कि वर्ष 2019-20 में कुल 74.27 करोड़ रुपये की देनदारी राष्ट्रीय दलों द्वारा घोषित की गई है।इस कड़ी में भी जो संपत्ति उधार के जरिए ली है वो आंकड़ा 4.26 करोड़ बैठा है, वहीं अन्य देनदारियों के तहत 70.01 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

Exit mobile version