दुबई से चोरी हुई महान फुटबॉलर माराडोना की घड़ी, असम में पकड़ा गया चोर

चराईदेव। अर्जेंटीना के दिवंगत दिग्गज फुटबॉलर डिएगो मैराडोना की दुबई से चोरी हुई बेशकीमती घड़ी असम के चराईदेव जिले से बरामद की गई है। आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घड़ी की कीमत करीब 19 लाख रुपए है। आरोपी व्यक्ति दुबई में एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। यह कंपनी अर्जेंटीना के दिवंगत फुटबॉलर के सामान का संरक्षण कर रही थी।

मैराडोना के सामानों का संग्रह करने वाली दुबई की कंपनी से एक घड़ी चोरी हो गयी थी, जिसके बाद दुबई पुलिस ने एक आरोपी के बारे में भारत को सूचना दी। पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने कहा कि आरोपी पर उस तिजोरी का सामान चुराने का संदेह था, जिसमें कीमती हुबोल्ट घड़ी भी रखी गई थी। असम पुलिस नेआरोपी को सुबह चार बजे उसके आवास से गिरफ्तार किया गया और घड़ी बरामद कर ली गई।

बताया जाता है कि आरोपी शख्स उस कम्पनी में सिक्योरिटी गार्ड था और अगस्त 2021 में भारत आ गया था। उसने अपने पिता के बीमार होने का बहाना बनाकर छुट्टी ले ली थी। मुख्यमंत्री हिमांता बिस्वा सरमा ने कहा कि दिग्गज माराडोना की घड़ी बरामद करने के लिए इस ‘ऑपरेशन’ में दोनों देशों के पुलिस बलों के बीच अंतरराष्ट्रीय समन्वय स्थापित किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि माराडोना का पिछले साल 25 नवंबर को 60 साल की उम्र में निधन हो गया था। मैराडोना को हमेशा दोनों हाथों में घड़ी पहने देखा जाता था। वे बताते थे कि इनमें से एक घड़ी उनकी बेटी ने गिफ्ट की है। जिसके बाद से उस घड़ी को वे हमेशा अपनी कलाई पर बांधते हैं। उनके हाथों की दोनों घड़ियां एक जैसी नजर आती थीं। इसकी वजह ये थी कि बेटी उनकी चॉइस को समझती थी। वहीं, दो घड़ी पहनने के पीछे एक कहानी कुछ ऐसी है कि एक घड़ी में अर्जेंटीना का टाइम होता था। जबकि दूसरे घड़ी में लोकल टाइम सेट रहता था।

Exit mobile version