अभिनंदन वीर चक्र से सम्मानित, शहीद मेजर विभूति ढौंडियाल को मरणोपरांत शौर्य चक्र

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में पांच आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने वाले शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है।सोमवार को दिल्ली में आयोजित अलंकरण समारोह में उनकी पत्नी लेफ्टिनेंट नितिका कौल और मां ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया। साथ ही, 27 फरवरी, 2019 को एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को हवाई युद्ध में मार गिराने के लिए विंग कमांडर (अब ग्रुप कैप्टन) अभिनंदन वर्तमान को आज राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने वीर चक्र से सम्मानित किया।

अभिनंदन श्रीनगर स्थित 51 स्क्वाड्रन का हिस्सा थे और 27 फरवरी, 2019 को पाकिस्तानियों द्वारा शुरू किए गए हवाई हमले को विफल करने के लिए उड़ान भरी थी। पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला किया था, जिसमें भारत के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत ने 26 फरवरी को बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी जिसमें 300 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए थे।

वहीं मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को एक ऑपरेशन में उनकी भूमिका के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) दिया गया। उन्होंने 5 आतंकवादियों का सफाया किया था और 200 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल की पत्नी लेफ्टिनेंट नितिका कौल और मां सरोज ढौंडियाल ने जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के लिए अपना शौर्य चक्र (मरणोपरांत) प्राप्त किया।

पति के नक्शेकदम पर चलते हुए नितिका कौल ने पहनी सेना की वर्दी
पति शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल के नक्शेकदम पर चलते हुए नितिका कौल ने सेना की वर्दी पहनी है। मेजर विभूति के शहीद होने के बाद पत्नी निकिता ने पति के सपने को पूरा करने के लिए सेना में जाने का निश्चय किया। वर्तमान में घर में मां सरोज, पत्नी नितिका और सबसे छोटी बहन वैष्णवी हैं। सबसे बड़ी बहन पूजा की शादी हो चुकी है। उनके पति विकास नौटियाल सेना में कर्नल हैं। उनसे छोटी बहन प्रियंका शादी के बाद अमेरिका में रहती हैं।

शहीद मेजर विभूति को बचपन से ही सेना में जाने का जुनून था। निकिता ने दिसंबर 2019 में इलाहाबाद में वूमेन एंट्री स्कीम की परीक्षा दी थी। इसके बाद चेन्नई की ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) से निकिता को कॉल लेटर आया और ट्रेनिंग पूरी कर निकिता ओटीए की पासिंग आउट परेड में बतौर लेफ्टिनेंट आधिकारिक रूप से सेना में शामिल हो गईं।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हिस्सा ले रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान A++ कैटेगरी के आतंकवादी को मारने के लिए नायब सूबेदार सोमबीर को मरणोपरांत शौर्य चक्र दिया गया।कोर ऑफ इंजीनियर्स के सपर प्रकाश जाधव को जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन में आतंकवादियों को बेअसर करने के लिए दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया।

पूर्व पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त), इंजीनियर इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, दक्षिणी नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल अनिल चावला को परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया। पूर्वी वायु कमांडर एयर मार्शल दिलीप पटनायक को अति विशिष्ट सेवा मेडल दिया गया।

आपका साथ– इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version