उत्तराखंड में खाई में गिरी गाड़ी, 13 लोगों की मौत

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। एक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। हादसे के बाद चकराता एसडीएम, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौक पर पहुंच चुकी है। खाई से लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सभी मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे।

जानकारी के मुताबिक चकराता के भरम खत के बायला गांव से विकासनगर जा रही बोलेरो रविवार सुबह बायला-पिंगुवा मार्ग पर गांव से आगे अनियंत्रित हो गई और 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई। गाड़ी के खाई में गिरते हुए चीख-पुकार मच गई। हादसे में 13 मृतकों के शव खाई से बरामद कर लिए गए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है। चूंकि दुर्घटनास्थल अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में हैं, ऐसे में राहत व बचाव कार्य में समय लग रहा है। घटना की सूचना से राजस्व और थाना पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई। एसडीएम चकराता सौरभ असवाल ने बताया घटनास्थल के लिए चकराता और त्यूणी तहसील से राजस्व टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है।

बायला के क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह चौहान ने कहा हादसे में मृतकों की पहचान मातबर सिंह (40) पुत्र भगत सिंह, पत्नी रेखा देवी (32) और डेढ़ वर्षीय पुत्री तनवी, रतन सिंह (45) पुत्र रतराम, जयपाल सिंह चौहान (40) पुत्र भाव सिंह, अंजलि (15) पुत्री जयपाल सिंह चौहान, नरेश चौहान (35) पुत्र भाव सिंह, साधराम (55) पुत्र गुलाब सिंह, दान सिंह (50) पुत्र रतू, ईशा(18) पुत्री गजेंद्र, काजल (17) पुत्री जगत वर्मा सभी निवासी बायला-चकराता, जीतू (35) पुत्र नामालूम निवासी क्वानू-मलेथा व हरिराम शर्मा (48) पुत्र नामालूम निवासी सिरमौर हिमाचल समेत तेरह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा घायलों में स्थानीय निवासी दो लोग शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा कि घायलों के उपचार में कोताही बर्दास्त नहीं कि जाएगी।

आपका साथ– इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version