अफगानिस्तान में मस्जिद में ब्लास्ट, 100 की मौत

कुंदूज। अफगानिस्तान के कुंदूज शहर स्थित मस्जिद के भीतर हुए बम विस्फोट की जिम्मेदारी आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट ने ली है। इस हमले में 100 लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हो गए। शुक्रवार को दोपहर के समय जब विस्फोट हुआ तब इलाके में रहने वाले शिया मुसलमान बड़ी संख्या में नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में आए हुए थे। इससे पहले 26 अगस्त को काबुल एयरपोर्ट पर हुए आत्मघाती बम विस्फोट में लगभग 170 नागरिक और 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे। इस आतंकवादी हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट खुरासान(ISIS-K) ने ली है।

शुक्रवार के हमले में ज्यादा शिया हजारा आबादी वाला कुंदूज प्रांत निशाना बना। प्रांत की राजधानी कुंदूज शहर में स्थित मस्जिद पर उस समय हमला हुआ जब वह नमाजियों से पूरी तरह से भरी हुई थी। उसी समय भीड़ के बीच विस्फोट हुआ। जब विस्फोट हुआ तब इलाके में रहने वाले शिया मुसलमान बड़ी संख्या में नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में आए हुए थे। तेज आवाज के साथ हुए विस्फोट के बाद मस्जिद धुएं से भर गई और चीख-पुकार मच गई। धुंआ छंटने पर जब आसपास के लोग मस्जिद के भीतर पहुंचे तो खून से रंगी धरती पर मानव अंग बिखरे पड़े थे, तमाम घायल मदद के लिए लोगों को पुकार रहे थे।

इस हमले की आतंकी संगठन IS ने जिम्मेदारी ली है। संगठन ने कहा कि हमारे निशाने पर शिया मुसलमान और उनके धार्मिक संस्थान हैं। IS से जुड़ी आमक समाचार एजेंसी के हवाले से साइट इंटेलिजेंस ग्रुप ने इसकी पुष्टि की है।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हमले के वक्त मस्जिद में करीब 300 लोग मौजूद थे। ये लोग जुमे की नमाज में शामिल होने आए थे। तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने बताया है कि आतंकी हमले में शिया मस्जिद को निशाना बनाया गया है। हमले में तमाम नमाजियों की मौत हुई है या फिर वे घायल हुए हैं। तालिबान का विशेष बल मौके पर पहुंच गया है और उसने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

15 अगस्त को अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद से आईएसआईएस से जुड़े आतंकवादी हमले बढ़ गए हैं। आतंकवादी हमलों में वृद्धि ने दोनों समूहों के बीच व्यापक संघर्ष की संभावना को बढ़ा दिया है। ISIS शिया मुस्लिमों का विरोध करता रहा है। साथ ही वह हजारा और दूसरे अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदायों का भी विरोधी है।

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version