बीते दिन रिकॉर्ड एक लाख एक्टिव केस घटे:देश में कोरोना के 2.81 लाख नए केस, 3.78 लाख लोग ठीक भी हुए; 4,092 की जान गई

पढ़िए  दैनिक भास्कर की ये खबर

देश में कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। बीते दिन देश में 2 लाख 81 हजार 683 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। पिछले 26 दिनों में यह पहली बार है, जब एक दिन में 3 लाख से कम नए संक्रमितों की पहचान हुई है। इससे पहले 20 अप्रैल को कोरोना के 2.94 लाख नए केस सामने आए थे।

हालांकि, कोरोना की वजह से होने वाली मौतों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। बीते दिन 4,092 लोगों की मौत हो गई। राहत की बात ये रही कि इस दौरान 3 लाख 78 हजार 388 लोगों ने कोरोना को मात भी दी। यह एक दिन में ठीक होने वालों का दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 8 मई को 3.86 लाख लोग कोरोना से ठीक हुए थे।

इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे लोगों के आंकड़े में रिकॉर्ड एक लाख 846 की कमी हुई। यह देश में महामारी की शुरुआत के बाद से एक्टिव केस में होने वाली सबसे बड़ी गिरावट है। फिलहाल देश में 35 लाख 12 हजार 660 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.81 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,092
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.78 लाख
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.49 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.11 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 2.74 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 35.12 लाख

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • DRDO की एंटी कोरोना ड्रग 2DG के 10,000 पैकेट इमरजेंसी यूज के लिए रिलीज किए गए हैं। इन्हें सोमवार से मरीजों को दिया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी दी गई कि सुबह 10.30 बजे वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दवा का पहला बैच रिलीज करेंगे।
  • दिल्ली और हरियाणा में लॉकडाउन एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। दोनों राज्यों में अब 24 मई तक पाबंदियां जारी रहेंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्‌टर ने रविवार को इसका ऐलान किया। केजरीवाल ने बताया कि कोरोना पर काबू पाने के लिए 17 मई को खत्म होने वाले लॉकडाउन को 24 मई तक के लिए बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा हमने वैक्सीन की कमी पर केंद्र सरकार को चिठ्ठी भी लिखी है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत सरकार ने अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 20 करोड़ से अधिक (20 करोड़ 28 लाख 9 हजार 250) वैक्सीन डोज मुफ्त उपलब्ध कराए हैं। 1.84 करोड़ से अधिक (एक करोड़ 84 लाख 41 हजार 478) वैक्सीन डोज अभी भी उनके पास उपलब्ध हैं। इसके अलावा अगले 3 दिनों में उन्हें लगभग 51 लाख डोज और मिल जाएगी।

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

यहां रविवार को 34,389 लोग संक्रमित पाए गए। 59,318 लोग ठीक हुए और 974 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 53.78 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 48.26 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 81,486 लोगों की मौत हो गई। 4.68 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां रविवार को 10,505 लोग संक्रमित पाए गए। 24,837 लोग ठीक हुए और 308 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.19 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 14.39 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 17,546 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1.63 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
दिल्ली में रविवार को 6,456 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 9,706 लोग ठीक हुए और 262 की मौत हो गई। अब तक 13.93 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.09 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 21,506 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 62,783 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
यहां रविवार को 4,888 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 10,144 लोग ठीक हुए और 144 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.12 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 11,734 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1.03 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में रविवार को 8,210 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 14,483 लोग ठीक हुए और 82 की मौत हो गई। अब तक 7.52 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.38 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,121 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 1.04 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को 7,106 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 12,345 लोग ठीक हुए और 79 की मौत हो गई। अब तक 7.31 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.29 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,992 लोगों की मौत हो चुकी है। 94,652 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

साभार-दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Exit mobile version