कोरोना देश में:24 घंटे में दुनिया के 50 देशों में कुल 3.91 लाख मरीज बढ़े, लेकिन अकेले भारत में ही 3.92 लाख नए केस आए; रिकॉर्ड 3 लाख से ज्यादा ठीक भी हुए

पढ़िए दैनिक भास्कर की ये खबर…

भारत में कोरोनावायरस का प्रकोप कितना अधिक है इसका अंदाजा लगाना है तो इन ताजा आंकड़ों को देख सकते हैं। शनिवार को दुनिया के टॉप-50 संक्रमित देशों में मिलाकर 3.91 लाख लोग संक्रमित पाए गए, जबकि अकेले भारत में 3 लाख 92 हजार 459 मरीजों की पहचान हुई। मतलब 50 देशों के टोटल केस से भी एक हजार ज्यादा मरीज भारत में मिले।

पिछले 24 घंटे में 2 राहत की खबरें भी आईं। पहली ये कि शु्क्रवार के मुकाबले शनिवार को संक्रमितों की संख्या में 9555 की कमी देखी गई। शुक्रवार को देश में रिकॉर्ड 4 लाख 2 हजार 14 लोग संक्रमित पाए गए थे, जो शनिवार को घटकर 3 लाख 92 हजार 459 पर पहुंच गया। दूसरी ओर पिछले 24 घंटे में दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें भारत में हुई हैं। यहां 3,684 मरीजों ने दम तोड़ दिया। ब्राजील में मरने वालों की संख्या 2,278 रही। तीसरे नंबर पर अमेरिका रहा। यहां शनिवार को 661 लोगों ने जान गंवाई।

पहली बार एक दिन में 3 लाख से ज्यादा रिकवरी
शनिवार का दिन रिकवरी के मामले में काफी अच्छा रहा। पहली बार एक दिन के अंदर 3 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए। इस दौरान रिकवर होने वालों की संख्या 3 लाख 8 हजार 522 रही। अब तक दुनिया के किसी देश में एक साथ इतने मरीज रिकवर नहीं हुए हैं। इससे पहले शुक्रवार 2.99 लाख लोग ठीक हुए थे।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.92 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,684
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.08 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.95 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.59 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.15 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 33.43 लाख

कोरोना अपडेट्स

  • जर्मनी ने 120 वेंटिलेटर्स शनिवार को भारत भेजे। अगले हफ्ते जर्मनी से 13 टेक्निकल टीम भी एक मोबाइल ऑक्सीजन प्रोडक्शन एंड फिलिंग प्लांट लेकर आएगी। यह भारत में इसके लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करेगी।
  • दिल्ली के मैक्स अस्पताल के कोविड वार्ड में काम करने वाले डॉक्टर विवेक राय ने कथित तौर पर सुसाइड कर ली है। वे दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में किराए के मकान में रहते थे। UP के गोरखपुर के रहने वाले विवेक की हाल ही में शादी हुई थी। उनकी पत्नी दो महीने की गर्भवती हैं।
  • गोवा में बढ़ते कोरोना केस को देखते हुए सोमवार सुबह से 4 दिनों का लॉकडाउन लगा दिया गया है। राज्य सरकार में मंत्री माइकल लोबो ने बताया कि सुपर मार्केट, सब्जी की दुकानें, किराना दुकानें और मछली शॉप्स को सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक खोलने की छूट दी गई है।
  • अमेरिका ने अपने यहां 4 मई से भारतीयों के आने पर रोक लगा दी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए अमेरिकी प्रशासन ने यह फैसला किया है।
  • वायुसेना ने सिंगापुर से चार क्रायोजेनिक ऑक्सीजन कंटेनर एयरलिफ्ट किए हैं। चार और कंटेनर आज लाए जाएंगे। इसके साथ ही एयरफोर्स ने शुक्रवार को नगालैंड के दिमापुर में ऑक्सीजन प्लांट के लिए जरूरी उपकरण भेजे।
  • देशभर में शुक्रवार को 15 करोड़ 48 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज दी गई। आज से देश में 18 से 45 साल की उम्र वालों को वैक्सीन देने की शुरुआत होगी।

फोटो दिल्ली के गाजीपुर घाट की है। यहां हर रोज लगातार 24 घंटे लोगों के शवों का अंतिम संस्कार हो रहा है।

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

यहां शनिवार को 63,282 लोग संक्रमित पाए गए। 61,326 लोग रिकवर हुए और 802 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 46 लाख 65 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 39.30 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 69 हजार 615 लोगों की मौत हो गई है। 6 लाख 63 हजार 758 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां शनिवार को 30,180 लोग संक्रमित पाए गए। 38,826 लोग रिकवर हुए और 304 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 12 लाख 82 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 9 लाख 67 हजार ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,874 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 3 लाख 01 हजार मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को 25,219 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 27,421 लोग ठीक हुए और 412 की मौत हो गई। अब तक 11 लाख 74 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 लाख 61 हजार ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,559 मरीजों की मौत हो चुकी है। 96,747 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
यहां शनिवार को 15,902 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 13,532 लोग ठीक हुए और 229 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 7 लाख 44 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 14 हजार लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,810 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1 लाख 21 हजार का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में शनिवार को 13,847 लोग संक्रमित मिले। 10,582 लोग रिकवर हुए और 172 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 81 हजार 624 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 29 हजार 130 ठीक हो चुके हैं, जबकि 7,355 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1,45,139 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश
राज्य में शनिवार को 12,379 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 14,562 लोग ठीक हुए और 102 की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 75 हजार 706 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 81 हजार 477 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,718 लोगों की मौत हो चुकी है। 88,511 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

साभार-दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Exit mobile version