कोरोना देश में:पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 2.20 लाख लोग ठीक हुए, 3.45 लाख नए मरीज मिले और 2,620 की मौत

पढ़िए दैनिक भास्कर की ये खबर

लंबे समय बाद हम सभी के लिए राहत की खबर है। देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की रफ्तार में एक दिन के अंदर 111.20% का इजाफा हुआ है। शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 2 लाख 20 हजार 382 लोग रिकवर हुए हैं। अब तक दुनिया में एक दिन के अंदर ठीक होने वाले मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले गुरुवार को एक दिन में रिकॉर्ड 1 लाख 98 हजार 180 लोग ठीक हुए। बुधवार को 1.92 लाख लोग रिकवर हुए थे।

हालांकि, चिंता की बात ये है कि कोरोना के नए मरीजों के मिलने की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को देश में रिकॉर्ड 3 लाख 44 हजार 949 नए मरीज मिले। पिछले साल से लेकर अब तक किसी देश में एक दिन में मिले नए मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। शुक्रवार को 2,620 लोगों की संक्रमण से मौत भी हो गई। एक दिन में हुई मौतों का यह नया रिकॉर्ड है।

केस बढ़ रहे, लेकिन आबादी के लिहाज से रफ्तार सबसे कम
देश में कोरोना के आंकड़ों में भले ही काफी तेजी देखने को मिली हो, लेकिन आबादी के लिहाज से देखें तो अभी भारत काफी अच्छी स्थिति में है। इस मामले में हम दुनिया में 119वें नंबर पर हैं, जहां सबसे ज्यादा केस आ रहे हैं।

आंकड़ों के अनुसार भारत में हर 10 लाख की आबादी में 11,936 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं और 136 लोगों की मौत हो रही है। इतनी ही आबादी में अमेरिका में 98,000 बहरीन में 96,000, इजराइल में 91,000, फ्रांस में 83,000, बेल्जियम में 82,000, स्पेन में 74,000 और ब्राजील में 66,000 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। यहां आबादी के हिसाब से मौत के आंकड़े भी काफी अधिक हैं। इससे साफ है कि भारत में अभी संक्रमण काफी काबू में है। अगर थोड़ी सावधानी और सतर्कता रखें तो इसे और कम किया जा सकता है।

एक्टिव मरीज अब 25 लाख के पार
देश में एक्टिव केस यानी ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है, उनकी संख्या आज 25 लाख के पार हो गई है। अभी देश में ऐसे 25 लाख 43 हजार 914 मरीज हैं जिनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार को इसमें 1 लाख 21 हजार 770 की बढ़ोतरी दर्ज हुई।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए:
 3.44 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौत: 2,620
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.20 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.66 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.38 करोड़
अब तक कुल मौत: 1.89 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 25.43 लाख

कोरोना अपडेट्स

  • रेमडेसिविर इंजेक्शन की प्रोडक्शन कैपेसिटी 90 लाख वायल प्रति महीने बढ़ाई जा रही है। पहले यह 40 लाख वायल था। जल्द ही हर रोज 3 लाख वायल का प्रोडक्शन होने लगेगा। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंंडाविया ने इसकी जानकारी दी।
  • अहमदाबाद पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि शहर में 950 बेड वाला धनवंतरी कोविड हॉस्पिटल शनिवार से शुरू हो जाएगा। इसमें 250 ICU बेड हैं। अभी 1,200 बेड और 600 ICU बेड वाला हॉस्पिटल टाटा ट्रस्ट की मदद से बनाया जाना है।
  • रक्षा मंत्रालय ने शॉर्ट सर्विस कमीशन वाले डॉक्टरों का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2021 तक बढ़ा दिया है। कोरोना के चलते डॉक्टरों की कमी को देखते हुए इन डॉक्टरों को सर्विस में एक्सटेंशन दिया गया है। इससे सेना के अस्पतालों में 238 डॉक्टर अतिरिक्त उपलब्ध हो सकेंगे।
  • अस्पतालों में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए जगह कम पड़ने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का बयान आया है। उन्होंने कहा, ‘देशवासियों से मेरा निवेदन है कि सब धैर्य बनाकर रखें। जिसे जरूरत है वे ही अस्पताल जाएं। 98-99% मरीजों को शायद अस्पताल जाने की जरूरत भी नहीं पड़ती है। वे घर में ही ठीक हो सकते हैं और अधिकांश मरीज घर में भी ठीक हो रहे हैं। जरूरत पड़ने पर ही अस्पताल जाएं।’
  • प्रमुख राज्यों के हाल

    1. महाराष्ट्र
    यहां शुक्रवार को 66,836 लोग संक्रमित पाए गए। 74,045 लोग रिकवर हुए और 773 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 41 लाख 61 हजार 676 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 34 लाख 04 हजार 792 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 63 हजार 252 लोगों की मौत हो गई है। 6 लाख 91 हजार 851 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

    2. उत्तरप्रदेश
    यहां शुक्रवार को 36,605 लोग संक्रमित पाए गए। 22,566 लोग रिकवर हुए और 196 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 10 लाख 13 हजार 370 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7 लाख 28 हजार 980 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,737 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 2 लाख 73 हजार 653 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

    3. दिल्ली
    देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को 24,331 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 23,572 लोग ठीक हुए और 348 की मौत हो गई। अब तक 9 लाख 80 हजार 679 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8 लाख 75 हजार 109 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,541 मरीजों की मौत हो चुकी है। 92,029 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

    4. छत्तीसगढ़
    यहां शुक्रवार को 17,397 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 14,284 लोग ठीक हुए और 219 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 6 लाख 22 हजार 965 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 92 हजार 593 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,893 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1 लाख 23 हजार 479 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

    5. गुजरात
    राज्य में शुक्रवार को 13,105 लोग संक्रमित मिले। 5010 लोग रिकवर हुए और 137 की मौत हो गई। अब तक 4 लाख 53 हजार 836 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 55 हजार 875 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5877 मरीजों की मौत हो चुकी है। 92,084 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

    6. मध्यप्रदेश
    गुरुवार को राज्य में 13,590 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 10,833 लोग ठीक हुए और 74 की मौत हो गई। अब तक 4 लाख 72 हजार 785 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 80 हजार 208 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,937 लोगों की मौत हो चुकी है। 87,640 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। साभार दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Exit mobile version