कोरोना के कारण हर गुजरते दिन के साथ और बिगड़ते जा रहे हैं देश के हालात, 10 ग्राफिक्स में समझें कितनी खतरनाक है दूसरी लहर

पढ़िए  दैनिक भास्कर ये खबर…

देश में हर गुजरते दिन के साथ कोरोना नए रिकॉर्ड बना रहा है। हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। पहले रोजाना 2 लाख से ज्यादा मामले आ रहे थे, तो अब ये आंकड़ा ढाई लाख को पार कर गया है। रोज होने वाली मौतों की संख्या भी बढ़ रही है। और बहुत सी मौतें तो ऐसी हैं जो सरकारी रिकॉर्ड में भी नहीं आ रही हैं। अस्पतालों में जगह नहीं है, श्मशान में वेटिंग है तो कब्रिस्तान भी भर गए हैं। एक्सपर्ट्स कहते हैं आने वाले 15 दिन बेहद गंभीर हैं।

देश में गंभीर होते कोरोना के हालात के बीच राज्य सरकारों ने कर्फ्यू, नाइट कर्फ्यू और वीक एंड कर्फ्यू जैसे इंतजाम शुरू किए हैं। 10 ग्राफिक्स से समझिए देश में कोरोना के कहर की मौजूदा स्थिति…

देश में हर रोज दो लाख से ज्यादा केस

पिछले चार दिन से देश में रिकॉर्ड दो लाख से ज्यादा केस आ रहे हैं। 14 अप्रैल को देश में 1.99 लाख से ज्यादा केस आए। 15 अप्रैल को पहली बार देश में 2 लाख से ज्यादा केस आए। 15 अप्रैल को नए केस में 17 हजार का इजाफा हुआ तो 16 अप्रैल को 18 हजार का इजाफा हुआ और कुल 2.34 लाख से ज्यादा केस आए।

लगातार बढ़ते मामलों के बीच देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1.45 करोड़ से ज्यादा हो गई है। एक्टिव केस का आंकड़ा भी बढ़कर 16.79 लाख से ज्यादा हो गया है। ये कुल मरीजों का 11.56% है।

देश में सितंबर में पहला पीक आया था। इस दौरान 50 लाख से 60 लाख केस होने में सिर्फ 12 दिन लगे थे। इस बार ये रफ्तार पहले से ज्यादा है। देश में 8 अप्रैल को 1.3 करोड़ से ज्यादा केस थे। 15 अप्रैल को ये आंकड़ा 1.4 करोड़ को पार कर गया। यानी, महज 7 दिन में 10 लाख से ज्यादा केस सामने आए।

पहले पीक के बाद हर 10 लाख नए मामले आने में दिनों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। यहां तक कि 1 करोड़ केस से 1 करोड़ 10 लाख केस होने में दो महीने से ज्यादा का वक्त लगा, लेकिन दूसरी वेव आने के बाद इसकी रफ्तार फिर से बढ़ गई है। 1.2 करोड़ केस से 1.3 करोड़ केस होने में महज 11 दिन लगे तो 1.3 करोड़ केस से 1.4 करोड़ केस होने में सिर्फ 7 दिन लगे।

महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक में 10 लाख से ज्यादा केस

कुल केस में मामले में महाराष्ट्र टॉप पर है। यहां अब तक 37.7 लाख से ज्यादा केस आ चुके हैं। दूसरे नंबर पर केरल है। जहां 12.2 लाख से ज्यादा कोरोना के मामले आ चुके हैं। कर्नाटक तीसरे नंबर पर है। यहां 11.4 लाख से ज्यादा केस हैं। इसके बाद नंबर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ का है।

देश के 63% एक्टिव केस सिर्फ 5 राज्यों से
एक्टिव केस के लिहाज से भी महाराष्ट्र टॉप पर है। यहां कुल एक्टिव केस के 36% मामले हैं। दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश है। जहां देश के 9% एक्टिव केस हैं। टॉप 5 राज्यों की कुल एक्टिव केस में 63% हिस्सेदारी है।

देश में 18 सितंबर 2020 को 10 लाख से ज्यादा एक्टिव केस थे, लेकिन इसके बाद घटने लगे। 12 फरवरी को एक्टिव केस घटकर 1.35 लाख पर पहुंच गए। लेकिन इसके बाद एक बार फिर एक्टिव केस बढ़ने लगे। इस वक्त 18 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। जो एक रिकॉर्ड है। एक्टिव केस के लिहाज से देखें तो महाराष्ट्र के बाद सबसे बुरी स्थिति उत्तर प्रदेश में है। इसके बाद छत्तीसगढ़, कर्नाटक और केरल का नंबर है।

भारत दुनिया का दूसरा सबसे संक्रमित देश

दुनिया में सबसे ज्यादा केस अमेरिका में सामने आ चुके हैं। यहां अब तक 3.24 करोड़ से ज्यादा कोरोना के मामले आ चुके हैं। दूसरे नंबर पर भारत है। यहां अब तक 1.47 करोड़ कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं। एक करोड़ से ज्यादा केस सिर्फ तीन देशों में है। तीसरा देश ब्राजील है। जहां, 1.39 करोड़ केस आ चुके हैं।

लेकिन, अभी के लिहाज से सबसे ज्यादा मामले भारत में आ रहे हैं। अमेरिका और ब्राजील से भी ज्यादा। भारत में हर रोज जहां दो लाख से ज्यादा मामले आ रहे हैं वहीं, अमेरिका ब्राजील में इस वक्त हर रोज 60 से 80 हजार मामले सामने आ रहे हैं।

देश में हुई कुल मौतों का 34% अकेले महाराष्ट्र में
देश में अब तक 1.77 लाख लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। अकेले महाराष्ट्र में 59 हजार से ज्यादा लोग कोरोना के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा मौतें कर्नाटक में हुई हैं। यहां 13.4 हजार से ज्यादा कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु में 13 हजार से ज्यादा तो दिल्ली में भी करीब 12 हजार लोगों की कोरोना ने जान ली है। बंगाल में 10.5 हजार कोरोना मरीज जान गंवा चुके हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश का नंबर है जहां करीब 10 हजार लोगों की कोरोना से मौत हुई है।

24 घंटे में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र और दिल्ली में
देश में 18 अप्रैल की सुबह 24 घंटे में 1501 कोरोना मरीजों की जान गई। कुल मौतों का 83% सिर्फ 10 राज्यों में हुईं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 419 कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा। इसके बाद दिल्ली में 167 तो छत्तीसगढ़ में 158 कोरोना मरीजों की जान गई। उत्तर प्रदेश भी उन राज्यों में शामिल रहा, जहां 100 से ज्यादा कोरोना मरीजों की मौत हुई। यहां 24 घंटे में 120 संक्रमितों ने दम तोड़ा।

साभार-दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें

Exit mobile version