कोरोना देश में:24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 2.33 लाख से ज्यादा मरीज मिले, 1.22 लाख लोग ठीक हुए और 1338 की मौत हुई

पढ़िए दैनिक भास्कर  की ये खबर…

देश में हालात काफी बिगड़ चुके हैं। कोरोनावायरस ने पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया है। हर राज्य, हर शहर में पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को पहली बार ऐसा हुआ जब एक दिन के अंदर रिकॉर्ड 2 लाख 33 हजार 757 लोग संक्रमित पाए गए। इस दौरान 1 लाख 22 हजार 839 मरीज रिकवर भी हुए। पूरे देश में अब तक 1.45 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। ये आंकड़ा आज शाम तक डेढ़ करोड़ के पार हो जाएगा।

संक्रमण के चलते इन 24 घंटों के अंदर 1,338 मरीजों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों का ये आंकड़ा तो सरकारी है। श्मशान घाटों, कब्रिस्तानों में पहुंचने वाले शव इससे कई गुना ज्यादा हैं। वहां से जो तस्वीरें सामने आ रहीं हैं वो वाकई में डराने वाली होती हैं। आप श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों में लग रही लंबी कतारों से इसका अंदाजा लगा सकते हैं।

69.05% यानी 1.61 लाख मरीज केवल 7 राज्यों में बढ़े
शुक्रवार को 1 लाख 61 हजार 422 यानी 69.05% नए मरीज केवल 7 राज्यों में बढ़े। इनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 63,729, उत्तर प्रदेश में 27,360, देश की राजधानी दिल्ली में 19,486, कर्नाटक में 14,859, छत्तीसगढ़ में 14,912, मध्य प्रदेश में 11,045 और केरल में 10,031 लोग संक्रमित पाए गए। इन्हीं राज्यों में सबसे ज्यादा 939 यानी 70.17% मौतें भी दर्ज की गई हैं।

आज कई प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक
आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन देश के उन सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे, जहां कोरोना के मामलों में ज्यादा इजाफा हो रहा है। डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि इस बैठक में कोरोना के हालात का जायजा लिया जाएगा। इसके अलावा संसाधनों के संकट को लेकर भी बातचीत होगी। सोमवार को देश के सभी एम्स हॉस्पिटल के डायरेक्टर्स की बैठक होगी। इसमें एम्स में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कहा जाएगा।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.33 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,338
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.22 लाख
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.45 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 1.26 करोड़
  • अब तक कुल मौत: 1.75 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 16.73 लाख

कोरोना अपडेट्स

  • उत्तर प्रदेश में कोरोना से बिगड़े हालात को देखते हुए संडे लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस दौरान केवल इमरजेंसी सेवाएं ही जारी रहेंगी। लॉकडाउन के दौरान हर जिले में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन का काम होगा।
  • यूपी में मास्क नहीं लगाने वालों पर भी सख्ती बढ़ा दी है। मास्क नहीं पहनने पर पहली बार में 1,000 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि दूसरी बार नियम तोड़ा तो 10 हजार रुपए देने होंगे।
  • रेमडेसिविर बनाने वाली देश की बड़ी फार्मा कंपनी डॉ. रेड्‌डीज ने बताया कि अभी रेमडेसिविर इंजेक्शन आउट ऑफ स्टॉक है। इसके उत्पादन को बढ़ाने पर पूरा फोकस है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी कहा कि रेमडेसिविर इंजेक्शन तैयार करने वाली सभी फार्मा कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि दवाइयों और इंजेक्शन का ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, देश के 12 राज्यों में मेडिकल ऑक्सीजन का संकट गहराता जा रहा है। ऑक्सीजन की कमी के चलते लोग दम तोड़ते जा रहे हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए केंद्र सरकार की एम्पॉवर्ड ग्रुप (EG2) ने इमरजेंसी मीटिंग की।
  • एम्पॉवर्ड ग्रुप (EG2) की बैठक में मेडिकल इक्यूपमेंट्स की कमी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। तय हुआ कि 50 हजार मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन दूसरे देशों से आयात कराया जाएगा। सबसे ज्यादा ऑक्सीजन की कमी महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, यूपी, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में हैं।
  • चंडीगढ़ के PGIMER हॉस्पिटल ने कोरोना से संक्रमित 60 मरीजों का सैंपल नेशनल सेंटर फॉर डिजिज कंट्रोल में जांच के लिए भेजा था। इसमें 70% सैंपल UK वैरिएंट है। इसके अलावा एक सैंपल में वायरस का डबल म्यूटेशन मिला है और 20% लोगों में 681H म्यूटेंट मिला है।
  • ओडिशा का पूरी जगन्नाथ मंदिर प्रत्येक शनिवार और रविवार को आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। राज्य के बाहर से आने वाले लोगों को 4 दिन का RTPCR टेस्ट या वैक्सीन का डबल डोज लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
  • AIIMS रायपुर ने बढ़ते संक्रमण के चलते 17 अप्रैल से रूटीन OPD और OT सर्विस अगले आदेश तक निलंबित कर दी है। अस्पताल में कोविड के 30 नए बेड बढ़ाए जा रहे हैं।
  • RSS प्रमुख मोहन भागवत को अस्पताल से छुट्‌टी मिल गई है। वे अगले पांच दिनों तक होम क्वारैंटाइन रहेंगे।
  • पश्चिम बंगाल में जंगीपुर से RSP के उम्मीदवार प्रदीप कुमार नंदी की कोरोना से मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी है।
  • केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि वे कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। उनके संपर्क में आए सभी लोग अपना टेस्ट करा लें।
  • जन सेना पार्टी के अध्यक्ष और साउथ के एक्टर पवन कल्याण भी संक्रमित हो गए हैं। पार्टी ने बयान जारी कर बताया है कि उनकी सेहत ठीक है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
  • कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की तबियत खराब होने पर बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो दिन से उन्हें बुखार आ रहा है। कोरोना की जांच भी हो चुकी है, लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई है। एक बार फिर से डॉक्टर्स ने उनका सैंपल लिया है।

ICSE की परीक्षा भी टली, 10वीं के स्टूडेंट्स को ऑप्शन दिया गया

देश में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच CBSE के बाद अब काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने भी ISCE (10वीं) और ISC (12वीं) की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। बोर्ड के मुताबिक परीक्षा की नई तारीख पर जून के पहले हफ्ते में फैसला लिया जाएगा।

CISCE के मुख्य कार्यकारी और सचिव गेरी एराथून ने बताया कि 12वीं की परीक्षा बाद में कराई जाएगी। वहीं, 10वीं के स्टूडेंट्स के लिए परीक्षा वैकल्पिक होगी। 10वीं के जो छात्र परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहते हैं, उनका रिजल्ट CISCE एक क्राइटेरिया के आधार पर तय करेगा। इस साल 10वीं-12वीं के थ्योरी एग्जाम 4 मई 2021 से शुरू होने थे।

प्रमुख राज्यों के हाल…

1. महाराष्ट्र
यहां शुक्रवार को 63,729 नए मरीज मिले। 45,335 मरीज ठीक हुए और 398 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 37.03 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 30.04 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 59,551 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 6.38 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां शुक्रवार को 27,426 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 6,429 लोग रिकवर हुए और 103 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.93 लाख लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6.33 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,583 मरीजों की मौत हो गई। 1.50 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
राज्य में शुक्रवार को 19,486 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 12,649 लोग रिकवर हुए और 141 की मौत हो गई। अब तक यहां 8.03 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7.30 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 11,793 मरीजों की जान चली गई। 61,005 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
राज्य में शुक्रवार को 14,912 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान 12,240 लोग ठीक हुए और 138 की मौत हो गई। राज्य में 1.24 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। कुल 3.86 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 5,580 पहुंच गया है।

5. मध्यप्रदेश
राज्य में शुक्रवार को 11,045 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 7,496 लोग रिकवर हुए और 60 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.84 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.20 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,425 मरीजों की जान चली गई। 59,183 मरीजों का इलाज चल रहा है।

6. गुजरात
राज्य में शुक्रवार को 8,920 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 3,387 लोग रिकवर हुए और 94 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.84 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.29 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,170 मरीजों की मौत हो गई। 49,737 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। साभार दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Exit mobile version