डोनाल्ड ट्रम्प की यात्रा पर किए ₹100 करोड़ खर्च तो मजदूरों को मुफ्त यात्रा क्यों नहीं – प्रियंका गांधी

देश में लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों को वापस लाने के लिए रेलवे की ओर से राज्यों से मांगे जाने वाले किराए पर अब राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाद अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार से सवाल किए हैं और मजदूरों की स्थिति पर दुख जताया है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए पूछा है कि जब रेल मंत्री पीएम केयर्स फंड में 151 करोड़ रुपये दे सकते हैं तो फिर मजदूरों को आपदा की इस घड़ी में निशुल्क रेल यात्रा की सुविधा क्यों नहीं दे सकते? उन्होंने लिखा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि घर लौटने वाले मजदूरों की रेल यात्रा का पूरा खर्च उठाएगी। मजदूर राष्ट्र निर्माता हैं। मगर आज वे दर-दर की ठोकर खा रहे हैं तो यह पूरे देश के लिए आत्म पीड़ा का कारण है।

उन्होंने सवाल करते हुए कहा, ‘जब हम विदेश में फंसे भारतीयों को हवाई जहाज से निशुल्क वापस लेकर आ सकते हैं, जब नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम पर सरकारी खजाने से 100 करोड़ रुपये खर्च कर सकते हैं तो मजदूरों को मुफ्त में उनके राज्य क्यों नहीं भेज सकते।’

इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने सुझाव देते हुए ट्वीट कर कहा है, ‘जब जनता त्राहिमाम कर रही है। राशन, पानी, नकदी की किल्लत है। तब सरकारी महकमा सबसे 100-100 रुपये पीएम केयर्स फंड के लिए वसूल रहा है। तब हर नजरिए से यह उचित रहेगा कि पीएम केयर्स फंड का सरकारी ऑडिट भी हो? देश से भाग चुके बैंक चोरों के 68,000 करोड़ माफ हुए, उसका हिसाब होना चाहिए। संकट के समय जनता के सामने पारदर्शिता महत्वपूर्ण है। इसमें जनता और सरकार दोनों की भलाई है।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version