गाज़ियाबाद में कोरोनावायरस के पाँच नए संदिग्ध मामले, सभी को भेजा आइसोलेशन वार्ड में

गाज़ियाबाद जिले में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को पांच और लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया, जबकि तीन लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। कोरोना के हाई रिस्क वाले देशों से लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़कर 406 हो गई है। अब तक जांच के लिए भेजे गए कुल 41 सैंपल में से 31 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रैपिड रेस्पांस टीम ने 56 नए विदेश यात्रियों से संपर्क करके जांच-पड़ताल की है। उसके बाद होम आइसोलेशन की सलाह दी गई है। कोरोना के दो पॉजिटिव केस आने के गाजियाबाद पर प्रदेश सरकार की खास नजर है। 268 लोगों को निगरानी में रखा गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता के मुताबिक कोरोना के खतरे वाले देशों से यात्रा कर लौटे लोगों की संख्या 406 पहुंच गई है। इनमे से 349 को ट्रेस किया जा चुका है। विदेश से आए बाकी संदिग्ध लोगों की जल्द ही तलाश लिया जाएगा। 152 लोगों की निगरानी के 28 दिन पूरे हो गए हैं। इनमें अब कोरोना का कोई खतरा नहीं है। मंगलवार तक कुल 41 सैंपल भेजे जा चुके हैं। इनमें से 31 की रिपोर्ट निगेटिव आई है और दो लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पांच लोगों को संयुक्त अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अब आठ की रिपोर्ट आनी शेष है। इनमें पहले से पॉजिटिव एक कारोबारी के पॉजिटिव बेटे का दुबारा से भेजा गया सैंपल भी शामिल है। एक महिला का सैंपल भी सोमवार को ही जांच के लिए एनसीडीसी दिल्ली को भेजा गया है।

सीएमओ ने बताया कि मंगलवार को विदेश से यात्रा करके 56 नए लौटे लोगों से संपर्क करते हुए उन्हें स्क्रीनिंग में शामिल कर लिया गया है। इनकी मॉनीटरिंग की जा रही है। सीएमओ का दावा है कि नए ट्रेवल हिस्ट्री से जुड़े 268 लोगों से नियमित संपर्क स्थापित किया जा रहा है।

मंगलवार को संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में बनी कोरोना हेल्प डेस्क पर विदेशों से लौटकर आए पांच मरीज पहुंचे। इनमें दो दंपती हैं और एक युवक है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इनमें दो थाईलैंड, दो चेक गणराज्य और एक यूके से लौटे लोग शामिल थे। इनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी को गले में संक्रमण की शिकायत है। अस्पताल प्रबंधन ने सभी को आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती कर लिया है और उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अस्पताल के आइसोलेशन में सात मरीजों को ही भर्ती कर पाने की क्षमता है। यदि संदिग्ध मरीजों की संख्या और ज्यादा बढ़ती है तो अस्पताल प्रबंधन के लिए परेशानी होगी।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version