यूपी : हैदराबाद के बाद अब उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

उन्नाव। देश में महिलाओं के साथ हो रही अपराधिक घटनाओं ने न केवल महिलाओं की आज़ादी बल्कि उनके जीवन पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार आखिर कब तक ?  हैदराबाद में दुष्कर्म के बाद युवती को जिंदा जलाने के मामले पर देशभर के लोगों में गुस्सा भरा हुआ है। इन सबके बीच उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र के हिंदूनगर गांव में एक दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। गंभीर रूप से झुलस गई पीड़िता को जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि पीड़िता की हालत बिगड़ने के चलते उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि पीड़िता अपने घर से कहीं जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी बीच मौका पाकर बदमाशों ने उसे जलाने का प्रयास किया। बदमाशों ने युवती पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। इसमें पीड़िता गंभीर रूप से झुलस गई है। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, युवती का हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

युवती को जिंदा जलाने की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने इसी वर्ष मार्च में दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इसमें कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, पीड़िता को जलाने के घटना में पांच लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version