यूपी : दिनदहाड़े सहारनपुर में बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या

यूपी। उत्तर प्रदेश में शनिवार को सहारनपुर जिले में बाइक सवार बदमाशों ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता धारा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। सहारनपुर के देवबंद में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। सहारनपुर के एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक धारा सिंह के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल हम मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही इस हत्याकांड की गुत्थी जल्द से जल्द सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब धारा सिंह मौला कष्ट वाला स्थित अपने आवास से त्रिवेणी शुगर मिल जा रहे थे। बताया जाता है कि घटना रनखंडी फाटक के समीप की है। पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने धारा पर फायर झोंक दिया। एक गोली सिर में लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया जाता है कि देवबंद नगर पालिका परिषद के सभासद धारा त्रिवेणी मिल के गन्ना अधिकारी और बीजेपी पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष भी थे।

भाजपाइयों ने किया हंगामा

धारा को गोली मारने की खबर पाकर मौके पर बड़ी संख्या में भाजपाई एकत्रित हो गए। नगर अध्यक्ष गजराज सिंह राणा भी मौके पर पहुंच गए। भाजपाईयों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे आक्रोशित भाजपाइयों को शांत कराया और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version