गाज़ियाबाद : लोनी में ग्राम प्रधान के बेटे की हत्या, डेढ़ साल पहले ही आया था जेल से छुटकर

गाज़ियाबाद के लोनी इलाके के महमूदपुर गांव में बाइक सवार तीन बदमाशों ने महिला ग्राम प्रधान के बेटे की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात के वक़्त मृतक घर के बरामदे में बैठा था। मृतक को 12 से ज्यादा गोलियां लगी हैं। गोलियों की आवाज सुनकर उनका बेटा बाहर आया और बदमाशों पर पथराव किया, लेकिन बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग निकले।

लोनी थाने के महमूदपुर गांव निवासी जगवती पत्नी रूपचंद का बेटा विक्रम (40) रविवार देर शाम करीब आठ बजे नहाने के बाद घर के बरामदे में बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश घर में घुस गए और विक्रम के सिर और छाती को निशाने पर लेते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर उनका बेटा आशु बाहर निकला तो बदमाश घर के मुख्य दरवाजे की ओर भाग रहे थे। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद ही लोनी थाना प्रभारी संजय पांडेय, सीओ राजकुमार पांडेय और एसपी देहात नीरज कुमार जादौन मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसएसपी सुधीर कुमार का कहना है मृतक विक्रम लोनी थाने का हिस्ट्रीशीटर था। हरियाणा में भी उसके विरुद्ध हत्या के कई मामले चल रहे हैं। उसकी विभिन्न लोगों से रंजिश थी। रंजिश के चलते ही उसकी हत्या हुई है। डेढ़ साल पहले ही वह जेल से छूटकर आया था। किन-किन लोगों से उसकी रंजिश थी, इसका पता किया जा रहा है। कुछ लोगों के नाम भी प्रकाश में आए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version