पाकिस्तान में MPox का कमजोर स्ट्रेन, कांगो में 548 जिंदगियां ले चुका है

पाकिस्तान में एमपॉक्स के मरीज में अफ्रीका में कहर बरपाने वाला क्लेड 1बी स्ट्रेन नहीं मिला है। पाकिस्तान में मरीज को एक अलग स्ट्रेन से पीड़ित पाया गया, जबकि कांगो में क्लेड 1बी तेजी से फैल रहा है और 548 जानें ले चुका है। मरीज हाल ही में खाड़ी देश से लौटा था, और स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार वह अब ठीक है। स्वीडन में भी एमपॉक्स का एक मामला सामने आया है।

इस्लामाबाद:- पाकिस्तान में एमपॉक्स के मामले की पुष्टि के बाद भारत में निगरानी बढ़ा दी गई है। राहत की बात यह है कि पाकिस्तान में मिले केस में अफ्रीका में फैल रहे नए स्ट्रेन का पता नहीं चला है। भारत सरकार सतर्कता बरतते हुए स्थिति पर नजर रख रही है। पाकिस्तान में एमपॉक्स से पीड़ित 34 वर्षीय व्यक्ति हाल ही में खाड़ी देश से लौटा था, लेकिन अब पूरी तरह ठीक हो चुका है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने उसकी जांच की और पुष्टि की कि अफ्रीका में फैल रहे खतरनाक स्ट्रेन की पहचान नहीं हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, एमपॉक्स से पीड़ित मरीज में क्लेड 2बी स्ट्रेन पाया गया है, जबकि कांगो में क्लेड 1बी स्ट्रेन ने भारी तबाही मचाई है। राहत की बात यह है कि पाकिस्तान में अब तक क्लेड 1बी का कोई मामला सामने नहीं आया है।

कांगो में 548 लोगों की जान गई

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने अफ्रीका में क्लेड 1बी स्ट्रेन के तेजी से फैलने को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। स्वीडन की स्वास्थ्य एजेंसी ने गुरुवार को अफ्रीका के बाहर क्लेड 1बी का पहला मामला दर्ज किया। कांगो में एमपॉक्स ने भारी तबाही मचाई है, जहां अब तक 16,000 मामले सामने आ चुके हैं और 548 लोगों की मौत हो चुकी है।

Exit mobile version