गाजियाबाद : सो रहे बुजुर्ग पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, आरोपी की मौत

गाजियाबाद। जिले में चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग पर पेट्रोल डालकर पड़ोसी ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। परिजनों ने झुलसे हुए बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया है। इधर, आरोपी की लाश खेत में मिली। इस हमले में वह भी झुलस गया था। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ घटना के बाद ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी।
पूरा मामला निवाड़ी इलाके का है। डीसीपी (ग्रामीण) विवेक चंद यादव ने बताया गांव पतला निवासी 55 वर्षीय नेपाल सिंह गुरुवार रात घर के बाहर सड़क पर चारपाई डालकर सो रहे थे। देर रात उनके पड़ोसी 70 वर्षीय सीताराम ने सोते हुए नेपाल सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घर के बाहर और छतों पर सो रहे अन्य लोगों ने सीताराम को ऐसा करते हुए और फिर वहां से भागते हुए देखा था। इस घटना के तुरंत बाद पुलिस गांव में पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे हुए नेपाल सिंह को मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपी की तलाश जारी थी।
खेत में मिली आरोपी की लाश 
शुक्रवार सुबह सीताराम का शव जली हुई हालत में एक खेत में पड़ा मिला है। माना जा रहा है कि नेपाल सिंह को जलाने के प्रयास में वो खुद भी झुलस गया और बचकर भागने के प्रयास में अपना इलाज नहीं करा पाया। इससे उसकी मौत हो गई। सीताराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के पीछे पिछले दिनों नेपाल सिंह के घोड़े की पूंछ में आग लगने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद की बात भी सामने आई है। हालांकि असल वजह पुलिस तलाश रही है।
Exit mobile version