प्रियंका गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाएं : प्रमोद कृष्णम

गाजियाबाद। पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि राहुल गांधी को चाहिए कि प्रियंका गांधी को कांग्रेस की अध्यक्ष बनाएं। मुझे कांग्रेस की दुर्दशा का हाल देखकर दया आती है। अफसोस होता है कि इतनी पुरानी पार्टी की हालत इतनी बुरी हो गई है।
आचार्य प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। कहा कि इस बरबादी के लिए अगर कोई एक व्यक्ति जिम्मेदार है तो वो राहुल गांधी और उनकी टीम। निरंतर ग्राफ गिरता जा रहा है। प्रियंका गांधी को कहां से चुनाव लड़ना है, ये बहुत छोटी बात है। अगर सच में वो प्रियंका गांधी का सदुपयेाग करना चाहते हैं तो उन्हें कांग्रेस की अध्यक्ष बनाएं। श्री कल्कि धाम संभल के पीठाधीश्वर प्रमोद कृष्णम ने कहा, नरेंद्र मोदी ने इतिहास रच दिया है। एक आदिवासी बेटी को भारत का राष्ट्रपति बनाया। भारत में तीन-तीन राज्यों के मुख्यमंत्री बनाए।
मोदी ने सभी को एक सूत्र में पिरोया
मैं ऐसा मानता हूं कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक, अटक से कटक तक और कामाख्या से द्वारका तक भारत को एकसूत्र में पिरोने का काम, अगर किसी नेता ने किया है, तो उसका नाम नरेंद्र मोदी है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा, भारत में पैदा होने वाले हर व्यक्ति को एक समान अधिकार मिलना चाहिए। ये सपना बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी का भी था। अगर यूनिफॉर्म सिविल कोड आता है तो इस देश में जो पैदा होगा, उसके लिए एक जैसा कानून होगा। देश के लिए हर नागरिक भी एक जैसा होगा। इसमें किसी को बुराई नहीं होनी चाहिए। अगर भारत सरकार यूसीसी लाने का फैसला करती है तो सभी घटक दलों के साथ विपक्ष को भी साथ देना चाहिए। देशहित में राष्ट्र को मजबूत करने के लिए यूसीसी का आना जरूरी है।
Exit mobile version