गाजियाबाद : लोनी विधायक का आरोप, सपा के एजेंट बनकर अफसरों ने किया काम, बिगड़ा यूपी का समीकरण

नंदकिशोर गुर्जर

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के खराब परिणाम पर लोनी के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि अधिकांश अधिकारी-कर्मचारी सपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। दावा किया कि इसका प्रमाण भी हमारे पास है और अगर सरकार मांगेगी तो उन प्रमाणों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
नंदकिशोर गुर्जर ने कहा उत्तर प्रदेश में अधिकारी आज तक सिर्फ दो नेताओं के कब्जे में आए हैं। एक राजनाथ सिंह और दूसरे कल्याण सिंह। वो जानते थे कि अधिकारियों को कैसे ठीक करना है। समाजवादी पार्टी के लालजी वर्मा सम्मानित नेता हैं। पुलिस चुनाव वाले दिन उनके घर गई। जबकि घर से कुछ नहीं मिला। पुलिस को उसी दिन जाने की क्या जरूरत थी। ये काम मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी हो सकता था। पुलिस की कार्रवाई से पूर्वांचल के निर्णायक माने जाने वाले कुर्मी वोटर में गलत संदेश गया और वो ज्यादातर वोट सपा को शिफ्ट हो गया। कहा कि लोकसभा चुनाव में कुछ अधिकारियों ने सपा के एजेंट के रूप में काम किया। उदाहरण के तौर पर गाजियाबाद में पब्लिक के 10 हजार लोगों की गाड़ियां अधिकारियों ने चुनाव में लगा दीं। गाड़ियां जब्त होने के डर से वो उत्तराखंड भाग गए।
हम देंगे अफसरों की कारगुजारी के प्रमाण
भाजपा का गढ़ माने जाने वाले राजनगर जैसे पॉश एरिया में वैश्य समाज की महिलाओं तक को मुचलका पाबंद कर दिया गया। इस तरह अधिकारियों ने गाजियाबाद में भाजपा की करीब डेढ़ लाख वोटों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। क्षत्रिय वोटरों को भी जान बूझकर उकसाया गया। विधायक ने कहा कि अधिकारियों ने जो व्यवहार किया, वो चीजें बताने की नहीं हैं। भाजपा संगठन इस पर मंथन करेगा। अगर हमसे कुछ पूछा जाएगा तो हम हर एक चीज का प्रमाण देंगे।
Exit mobile version