गाजियाबाद : घर के दरवाजे पर महिला की चेन लूटी, दहशत

गाजियाबाद। जिले में चेन स्नेचर एक बार फिर पूरे सिस्टम पर हावी नजर आ रहे हैं। स्नेचर किसी न किसी महिला पर आफत बनकर टूटते हुए उसके गहने लूट रहे हैं। वहीं पुलिस इन्हें पकड़ने के नाम पर जांच और तलाश जारी जैसे शब्दों का रटा रटाया जवाब दे रही है। लगातार हो रहीं वारदातों से महिलाओं में दहशत व्याप्त है। ताजा मामला विजयनगर का है। यहां घर के दरवाजे पर छिड़काव कर रही महिला की चेन लूटी गई है।
विजयनगर की वकील कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने आशा सिंह के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। घटना 22 अप्रैल की शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। पूरन सिंह का कहना है कि सोमवार को उनकी पत्नी घर के बाहर छिड़काव कर रही थीं। इसी दौरान बाइक पर दो बदमाश आए और चेन छीनकर भाग गए। उनकी पत्नी ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वे भाग गए। मामले में उन्होंने विजयनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कोतवाली प्रियाश्री पाल का कहना है कि बदमाशों की पहचान के लिए टीमें लगी हैं।
बारात में लूटा मंगलसूत्र
इससे पहले इंदिरापुरम इलाके में बी-17 शास्त्री नगर निवासी मोनिका चौधरी का मंगलसूत्र लूटा गया। मोनिका ने बताया कि वह अपने फुफेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए ग्रांड मिलन बैंक्वेट हाल कौशांबी में आई थीं। उनके भाई की चढ़त हो रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों आए और उनके गले से मंगलसूत्र लूट लिया। उन्होंने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। महिला ने बताया कि घटना की वीडियो उनके पास है। वीडियो पुलिस को दे दी। कुल मिलाकर लगातार हो रहीं वारदातें यह साबित कर रही हैं कि पुलिस कितनी सजग है।
Exit mobile version