यूट्यूबर एल्विश करता था सांपों के जहर की तस्करी, चार्जशीट दाखिल

नोएडा। यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ सांपों का जहर सप्लाई करने के मामले में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस का दावा है कि एल्विश का सपेरों से भी संबंध था। इस चार्जशीट में 24 गवाहों के बयान दर्ज हैं। साथ ही चार्जशीट में मुंबई स्थित डिपार्टमेंट ऑफ फोरेंसिक मेडिसिन टॉक्सिकोलॉजी के एक्सपर्ट की सलाह भी शामिल की गई है।
साल 2023 में पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था के पदाधिकारी ने एल्विश और उसके साथियों पर सांपों के जहर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। उन्होंने सेक्टर-49 थाने में केस दर्ज कराया था। संस्था के सदस्य ने एक स्टिंग किया था। इसमें कोबरा समेत 9 सांप और 20 एमएल सांपों का जहर 5 सपेरों के पास मिला। सभी को जेल भेज दिया गया। इसके बाद संस्था के पदाधिकारी का एक ऑडियो वायरल हुआ जिसमें मुख्य आरोपी राहुल संस्था के पदाधिकारी से बात कर रहा है। इसमें राहुल यह कह रहा है कि वह एल्विश की ओर से आयोजित होने वाली पार्टियों में शामिल हो चुका है। राहुल पार्टियों में अपने अन्य सपेरे दोस्तों के साथ गया था। हालांकि बाद में सभी को जमानत मिल गई। देश भर में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज केस का नोएडा पुलिस की एक टीम ने जांच की। एक अन्य टीम ने जयपुर से आई फोरेंसिक रिपोर्ट का अध्ययन किया। रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई थी कि सांपों का जो जहर सपेरों के पास से मिला था वह करैत प्रजाति के कोबरा का है। टीम ने एल्विश के कॉल डिटेल और सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला। जब उसके खिलाफ नोएडा पुलिस को पर्याप्त सबूत मिल गए तो पुलिस ने उसे नोटिस देकर पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया। जबकि बाद में उसे जेल भेजा गया।
155 दिन बाद दर्ज हुई चार्जशीट
यूट्यूबर एल्विश यादव और उसके 7 अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज होने के करीब 155 दिन बाद चार्जशीट नोएडा पुलिस ने दाखिल की है। उसके खिलाफ 3 नवंबर 2023 को सेक्टर-49 थाने में केस दर्ज हुआ था। 17 मार्च 2024 को नोएडा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
Exit mobile version