हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव, छह के खिलाफ एफआईआर

नोएडा। जिले में लापता युवक का शव 16 मार्च को फरीदाबाद के यमुना नदी की झाड़ियां में शव मिलने के मामले में युवक की मां ने छह लोगों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मां की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि ऋतिक नाम का युवक 11 मार्च से लापता था। उसका शव फरीदाबाद के यमुना नदी के पास झाड़ियां में 16 मार्च को मिला था। पुलिस ने यह भी बताया कि ऋतिक अपराधी प्रवृत्ति का युवक था। जिस पर कई थानों में मुकदमें भी पहले से दर्ज थे। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छिजारसी की रहने वाली शशि ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके बेटे ऋतिक का झगड़ा 10 मार्च को गांव के ही रवि, सूरज, धीरज, बिन्नी, जोगेंद्र व विकास से हुआ था। झगड़े के बाद 11 मार्च को इन सभी लोगों ने बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या कर शव यमुना नदी में फेंक दिया है। पुलिस ने शशि की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्दी नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी और हत्या का खुलासा किया जाएगा। उधर ऋतिक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उलझी कहानी
मामले में एसीपी का कहना है कि ऋतिक की मां की शिकायत पर छह लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। मां द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। एसीपी ने अभी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कोई भी कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। उन्होंने कहा थाना पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है ताकि किसी निर्दोष को भी इस केस में फंसाया ना जा सके। फिहलाल मृतक की मां द्वारा लगाए गए आरोपों से गांव के छह लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Exit mobile version